रूस के एक इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक इंसान और ह्यूमनॉइड रोबोट के बीच ऐसा अजीब वाकया देखने को मिलता है, जिसे देखकर लोगों को फिल्मों में दिखाई जाने वाली इंसान-रोबोट की भिड़ंत याद आ गई। मामला तब दिलचस्प हो गया, जब एक शख्स ने रोबोट को धक्का दिया और कुछ ही सेकंड बाद मशीन ने भी जैसे जवाब देने की कोशिश की।
पहले इंसान ने दिया धक्का, फिर रोबोट ने उठाया पैर
वायरल फुटेज में एक शख्स काले रंग की टी-शर्ट पहने नजर आता है। वह स्टोर में रखे ह्यूमनॉइड रोबोट के पास जाता है और उसे धक्का दे देता है। इसके तुरंत बाद रोबोट अपना एक पैर उस व्यक्ति की तरफ बढ़ाता है। देखने में ऐसा लगता है जैसे मशीन उसे किक मारने की कोशिश कर रही हो। आसपास मौजूद लोगों के लिए यह पूरा नजारा अचानक और हैरान करने वाला था।
मामला बढ़ा तो रोबोट को करना पड़ा बंद
वीडियो में इसके बाद रोबोट लगातार मूव करता हुआ दिखाई देता है। स्थिति को देखते हुए कथित तौर पर मशीन को बंद कर दिया गया। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्ट में दावा किया गया कि रोबोट के व्यवहार को संभालना मुश्किल होने के बाद उसे पावर ऑफ कर दिया गया। हालांकि, वीडियो से यह साफ तौर पर साबित नहीं होता कि रोबोट ने खुद से प्रतिक्रिया दी थी।
वीडियो देखकर लोगों को याद आया ‘द टर्मिनेटर’
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे लेकर मजेदार कमेंट्स शुरू कर दिए। कई लोगों ने रोबोट के इस कथित ‘रिएक्शन’ की तुलना साइंस-फिक्शन फिल्मों के सीन से की। कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि इंसानों को रोबोट के साथ पंगा लेने से पहले दो बार सोचना चाहिए। वहीं कुछ लोगों ने इसे मशीनों के ‘बगावत’ करने की शुरुआत तक बता दिया।
किसी ने कहा- रोबोट का भी ईगो है!
एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि इंसानों का अहंकार आखिरकार रोबोट को भी गुस्सा दिलाने लगा। एक अन्य यूजर ने रोबोट का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर किसी मशीन को बार-बार धक्का दिया जाएगा, तो वह भी अपनी ‘रक्षा’ करने की कोशिश करेगी। एक और कमेंट में लिखा गया कि रोबोट ने तुरंत हमला नहीं किया, बल्कि पहले खुद को शांत रखने की कोशिश की और बाद में गुस्से में प्रतिक्रिया दी।
क्या रोबोट ने सच में खुद लिया फैसला?
वीडियो का सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि क्या रोबोट ने वाकई खुद से प्रतिक्रिया दी थी? कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो की प्रामाणिकता और रोबोट के नियंत्रण को लेकर सवाल उठाए। एक यूजर ने दावा किया कि ऐसे रोबोट को रिमोट से भी नियंत्रित किया जा सकता है। इसलिए सिर्फ इस वीडियो के आधार पर यह कहना मुश्किल है कि मशीन ने स्वतंत्र रूप से व्यक्ति को किक मारने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर छिड़ी रोबोट बनाम इंसान की बहस
एक छोटी सी घटना ने इंटरनेट पर AI और रोबोट की क्षमताओं को लेकर मजेदार बहस छेड़ दी है। कुछ लोग इसे सिर्फ मनोरंजक घटना मान रहे हैं, जबकि दूसरे लोग सवाल उठा रहे हैं कि भविष्य में इंसानों और ज्यादा सक्षम रोबोट के बीच रिश्ते कैसे होंगे।
डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।