Salary Hike vs Rent Increase: बेंगलुरु के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने खुलासा किया है कि उसकी सैलरी हालिया अप्रेजल में महज 7.5 फीसदी बढ़ी है। वहीं मकानमालिक ने किराया 10 फीसदी बढ़ा दिया है। अब इसे लेकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर का कहना है कि आय से अधिक खर्च का यह रुझान बना रहता है तो किसी दिन ऐसा हो जाएगा कि सैलरी से अधिक उनका रहने का किराया हो जाएगा। उन्होंने ये बातें X (पूर्व नाम Twitter) पर लिखी जिस पर यूजर्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया भी आ रही है। एक यूजर ने तो प्रतिक्रिया दी है कि बेंगलुरु में नौकरी करने का फायदा अब सिकुड़ता जा रहा है तो जिस पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने भी सहमति जताई है।
ऐसा है यूजर्स का रिस्पांस
Ray नाम के यूजर ने ट्वीट किया है कि सैलरी हाइक 7.5 फीसदी और रेंट में बढ़ोतरी 10 फीसदी तो इस हिसाब से किसी दिन सैलरी से अधिक रेंट हो जाएगा। इस पर एक सीए ने लिखा है कि शहरी जिंदगी बहुत बड़े स्कैम से गुजर रही है जैसे कि सैलरी में 7.5 फीसदी की बढ़ोतरी होती है लेकिन बिजली बिल में 12 फीसदी, किराए में 10 फीसदी और दूध में 15 फीसदी बढ़ोतरी होती है तो दूसरी तरफ बचत में 10 फीसदी की गिरावट आती है। सीए का कहना है कि यह सिर्फ महंगाई दर नहीं बल्कि बिना कानून के जीवनशैली से जुड़ा टैक्स सिस्टम है।
एक यूजर ने लिखा है कि बेंगलुरु और हैदराबाद में अधिकतर आईटी एंप्लॉयीज की जिंदगी का एक बड़ा सच ये है कि आधी सैलरी किराए में जा रही है और आधी टैक्स चुकाने में।
एक यूजर ने मजाकिया लहजे में लिखा है कि अब तो मकानमालिक कैसे बनें, इसका एक फुलटाइम कोर्स शुरू होना चाहिए तो एक और यूजर ने लिखा है कि एक कानून बनना चाहिए कि 10 फीसदी से कम सैलरी हाइक को आपराधिक घोषित करने का नियम होना चाहिए।