ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत, फिर भी महिला ने किया कुछ ऐसा कि वीडियो हुआ वायरल

चीन में एक बीमार महिला ने अपनी खराब हालत के बावजूद ट्रेन में गिरे अपने खून को खुद ही साफ किया। उनकी इस जिम्मेदारी और संवेदनशीलता ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल छू लिया। इस घटना के बाद कई लोगों ने आगे आकर उनकी मदद के लिए बड़ी मात्रा में आर्थिक सहयोग दिया

अपडेटेड Apr 04, 2026 पर 9:59 AM
Story continues below Advertisement
अब तक उनके इलाज में करीब 10 लाख युआन खर्च हो चुके हैं।

23 मार्च को चीन के चोंगकिंग शहर में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लाखों लोगों का दिल छू लिया। 23 वर्षीय हु शिनयाओ ट्रेन में सफर कर रही थीं, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें खून की उल्टी होने लगी। इस दौरान एक सहयात्री ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। शुरुआत में ये महज एक चौंकाने वाली घटना लगी, लेकिन जैसे-जैसे लोगों को हु की असली कहानी और उनकी बीमारी के बारे में पता चला, मामला भावनात्मक बन गया। उनकी हिम्मत, संघर्ष और मुश्किल हालात में भी दिखी जिम्मेदारी ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया और यही वजह है कि ये वीडियो लोगों के दिलों में खास जगह बना गया।

गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं हु

हु एक दुर्लभ बीमारी ANCA-एसोसिएटेड वैस्कुलाइटिस से पीड़ित हैं। इस बीमारी के कारण उनके शरीर में अंदरूनी ब्लीडिंग हो जाती है। घटना वाले दिन भी वो अस्पताल इंजेक्शन लेने जा रही थीं, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई।


मुश्किल हालात में भी दिखाई इंसानियत

अपनी खराब हालत के बावजूद हु ने जो किया, उसने लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने तुरंत अपनी जैकेट उतारी और ट्रेन की फर्श साफ करने लगीं। इस छोटे से काम ने उनकी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को दिखाया, जिसकी सोशल मीडिया पर खूब सराहना हुई।

लोगों का मिला भरपूर साथ

वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोग उनके समर्थन में आगे आए। किसी ने उन्हें हिम्मत दी तो किसी ने आर्थिक मदद की पेशकश की। केवल एक हफ्ते में उन्हें करीब 4 लाख युआन की सहायता राशि मिल गई।

मदद को लेकर जताई कृतज्ञता

हु ने बताया कि उन्होंने हर दान देने वाले का नाम और राशि नोट की है, ताकि वो हमेशा उनका आभार याद रख सकें। उन्होंने ये भी कहा कि भविष्य में वो भी जरूरतमंदों की मदद करना चाहती हैं।

संघर्ष भरा रास्ता

चोंगकिंग के एक साधारण परिवार में जन्मी हु ने 2018 में पहली बार अपनी बीमारी के लक्षण महसूस किए। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी। इलाज के लिए उन्होंने फैक्ट्री में काम किया, जूस बेचा और बाद में ऑनलाइन लिखना शुरू किया।

इलाज में खर्च हो चुके हैं लाखों

अब तक उनके इलाज में करीब 10 लाख युआन खर्च हो चुके हैं। पिछले साल उन्हें कई बार गंभीर स्थिति के नोटिस भी मिल चुके हैं, जो उनके स्वास्थ्य की गंभीरता को दर्शाते हैं।

निजी जिंदगी की भावुक कहानी

हु की जिंदगी का एक भावुक पहलू भी सामने आया। उनके एक्स-बॉयफ्रेंड का निधन हो गया, जिन्होंने अपनी बचत उनके इलाज के लिए छोड़ दी। दोनों का रिश्ता भले ही छोटा रहा, लेकिन उनकी कहानी ने लोगों को भावुक कर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।