सांपों की उत्पत्ति को लेकर जेनेटिक रिसर्च एक बेहद दिलचस्प कहानी बताती है। वैज्ञानिकों के मुताबीक, आज के खतरनाक और बिना पैरों वाले सांप दरअसल लाखों साल पहले रहने वाली लंबी और पतली छिपकली जैसे जीवों से विकसित हुए हैं। इन जीवों के छोटे-छोटे पैर और उंगलियां भी होती थीं, लेकिन समय के साथ वे धीरे-धीरे जमीन पर रेंगने लगे और उनके पैर खत्म होते चले गए। ये प्राचीन जीव उस समय के लॉरेशिया नाम के महाद्वीप में पाए जाते थे, जो आज टूटकर उत्तरी अमेरिका, यूरोप, ग्रीनलैंड और एशिया में बंट चुका है।
गर्म और घने जंगलों में रहने के कारण इन जीवों ने खुद को बदलते माहौल के अनुसार ढाल लिया। यही बदलाव धीरे-धीरे आज के आधुनिक सांपों के रूप में सामने आया, जो पूरी दुनिया में अलग-अलग रूप और प्रजातियों में पाए जाते हैं।
दुनिया में कितनी हैं सांपों की प्रजातियां?
दुनिया भर में करीब 3900 प्रकार के सांप पाए जाते हैं, लेकिन इनमें से सिर्फ 725 प्रजातियां ही जहरीली होती हैं। इनमें से लगभग 250 प्रजातियां इतनी खतरनाक मानी जाती हैं कि उनका एक काटना इंसान की जान ले सकता है। हालांकि, गैर-जहरीले सांप भी कभी-कभी खतरा बन सकते हैं, जैसे पाइथन जो अपने शिकार को लपेटकर दम घोंट देता है।
सांपों को खतरनाक मानने के दो पहलू होते हैं, एक तो वे जो ज्यादा इंसानी मौतों के लिए जिम्मेदार हैं और दूसरे वे जिनका जहर सबसे ज्यादा शक्तिशाली होता है। कई बार सबसे जहरीला सांप इंसानों से दूर रहता है, इसलिए ज्यादा मौतें नहीं होतीं, जबकि कुछ कम जहरीले सांप ज्यादा आक्रामक होने के कारण ज्यादा खतरनाक साबित होते हैं।
मिडल ईस्ट और मध्य एशिया में पाया जाने वाला सॉ-स्कैल्ड वाइपर काफी आक्रामक माना जाता है। ये घनी आबादी वाले इलाकों में भी मिलता है, जिससे इंसानों से इसका सामना ज्यादा होता है। भारत में ये सांप हर साल हजारों मौतों का कारण बनता है।
ऑस्ट्रेलिया और मध्य एशिया में पाया जाने वाला इनलैंड टाइपन दुनिया का सबसे जहरीला सांप माना जाता है। कहा जाता है कि इसका एक काटना सौ इंसानों के लिए भी घातक हो सकता है, लेकिन यह इंसानी बस्तियों से दूर रहता है, इसलिए मौतें कम होती हैं।
अफ्रीका का ब्लैक माम्बा बेहद तेज और आक्रामक सांप है। खतरा महसूस होते ही यह तुरंत हमला कर देता है। अगर समय पर इलाज न मिले तो सिर्फ आधे घंटे में इंसान की मौत हो सकती है।
भारतीय उपमहाद्वीप में पाए जाने वाले ‘बिग फोर’ सांपों में रसेल वाइपर भी शामिल है। यह काफी आक्रामक होता है और भारत में सांप काटने के मामलों का बड़ा हिस्सा इसी के कारण होता है।
कॉमन करैत बेहद जहरीला सांप है, जिसका जहर नसों को लकवा मार सकता है। यह अक्सर रात में सक्रिय होता है और अनजाने में पैर पड़ने पर हमला कर देता है।
इंडियन कोबरा को भारत के सबसे खतरनाक सांपों में गिना जाता है। यह इंसानी बस्तियों के आसपास पाया जाता है क्योंकि इसका मुख्य शिकार चूहे होते हैं।
अफ्रीका में मिलने वाला पफ एडर अपने डरावने स्वभाव के लिए जाना जाता है। यह भागने के बजाय मुकाबला करता है और खतरा महसूस होने पर शरीर फुलाकर चेतावनी भी देता है।