अमेरिका में एक सांप के इलाज के दौरान पशु चिकित्सकों के सामने ऐसा मामला आया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। सांप के शरीर के अंदर एक-दो नहीं, बल्कि तीन गोल्फ बॉल फंसी हुई थीं। उसे इलाज के लिए सैन एंटोनियो के एक एक्सॉटिक एनिमल अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सांप को बेहोश कर बेहद सावधानी से जांच और इलाज शुरू किया। इसके बाद टीम ने बिना किसी सर्जरी के धीरे-धीरे गोल्फ बॉल को उसके मुंह तक पहुंचाया और एक-एक करके बाहर निकाल लिया। अस्पताल ने इस अनोखे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह घटना चर्चा में आ गई। वीडियो देखकर लोगों के मन में भी सवाल उठा कि आखिर सांप ने गोल्फ बॉल को खाने लायक चीज कैसे समझ लिया। कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि शायद उसे गेंदें अंडे जैसी लगी होंगी।
पेट में छिपे थे तीनों गोल्फ बॉल
यह मामला सैन एंटोनियो स्थित South Texas Avian and Exotic Hospital का है। अस्पताल की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में सांप के इलाज की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई। सांप के शरीर के अंदर गोल्फ बॉल फंसी हुई थीं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया गया।
बेहोशी की हालत में शुरू हुआ अनोखा रेस्क्यू
वेटरिनरी टीम ने सांप को गहरी बेहोशी की अवस्था में रखा और बेहद सावधानी से उसके शरीर को संभाला। डॉक्टरों ने धीरे-धीरे गोल्फ बॉल को शरीर के अंदर से मुंह की ओर पहुंचाया। जैसे ही गेंद मुंह के पास पहुंचती, सांप अपना मुंह खोल देता और डॉक्टर उसे सावधानी से बाहर निकाल लेते। एक-एक करके तीनों गोल्फ बॉल बाहर निकाल ली गईं।
इस पूरे मामले की सबसे खास बात यह रही कि सांप को सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। अस्पताल के मुताबिक,टीम ने मैन्युअल तरीके से तीनों गोल्फ बॉल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वीडियो में सांप के शरीर के अंदर मौजूद दो अन्य गोल्फ बॉल भी साफ दिखाई देती हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उसने कितनी असामान्य चीज निगल ली थी।
आखिर गोल्फ बॉल को क्या समझ बैठा सांप?
इस घटना ने सोशल मीडिया यूजर्स के मन में भी सवाल खड़ा कर दिया कि आखिर सांप ने गोल्फ बॉल को निगलने की कोशिश क्यों की। कुछ लोगों ने मजाक में अंदाजा लगाया कि शायद सांप ने उन्हें अंडा समझ लिया होगा। वहीं कई लोगों ने सांप के लिए चिंता जताई और उसके जल्द ठीक होने की उम्मीद की।
डॉक्टरों के लिए भी यादगार केस
अस्पताल ने इस मामले को बेहद यादगार बताया। एक्सॉटिक जानवरों के इलाज में अक्सर डॉक्टरों को ऐसे मरीज मिल जाते हैं, जिनके मामले सामान्य से बिल्कुल अलग होते हैं। लेकिन तीन गोल्फ बॉल निगलने वाले इस सांप ने वेटरिनरी टीम को भी हैरान कर दिया।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)