क्या सांप भी इंसानों की तरह तनाव महसूस करते हैं? जानिए कैसे बदल जाता है उनका व्यवहार और क्यों हो जाते हैं अचानक आक्रामक

Snake: सांपों को लेकर लोगों में अक्सर डर और गलतफहमियां देखने को मिलती हैं, लेकिन वे बिना वजह हमला नहीं करते। वे तभी आक्रामक होते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है। दिलचस्प बात यह है कि सांप भी तनाव महसूस करते हैं, जो उनके वातावरण और परिस्थितियों से जुड़ा होता है, न कि भावनाओं से

अपडेटेड Jun 10, 2026 पर 4:25 PM
Snake: अगर सांपों के व्यवहार को सही तरीके से समझा जाए, तो उनके प्रति डर कम हो सकता है।

सांपों को लेकर लोगों के मन में हमेशा डर और तरह-तरह की गलतफहमियां बनी रहती हैं। अक्सर यह धारणा होती है कि सांप बिना किसी कारण के हमला कर देते हैं, लेकिन असलियत इससे काफी अलग है। सांप आमतौर पर तभी आक्रामक व्यवहार दिखाते हैं जब उन्हें लगता है कि उनकी जान या सुरक्षा खतरे में है। दिलचस्प बात यह है कि ये जीव भी तनाव यानी स्ट्रेस महसूस करते हैं, लेकिन उनका यह तनाव इंसानों की तरह भावनाओं से नहीं जुड़ा होता, बल्कि उनके आसपास के वातावरण, तापमान, भोजन और सुरक्षा जैसी परिस्थितियों पर निर्भर करता है। जब उनके रहने की स्थिति अनुकूल नहीं होती, तो उनका व्यवहार बदलने लगता है।

ऐसे में वे सामान्य से अलग तरीके से प्रतिक्रिया देने लगते हैं, जिसे कई लोग गलत समझ लेते हैं। इस विषय को समझना जरूरी है ताकि सांपों को लेकर फैली गलतफहमियां को दूर किया जा सके।

खराब माहौल बन सकता है तनाव की वजह


अगर सांप के रहने की जगह में बार-बार छेड़छाड़ हो, ज्यादा शोर हो, तापमान सही न हो या उसे सही भोजन न मिले, तो वह तनाव में आ सकता है। यहां तक कि लगातार किसी शिकारी का डर भी उनके व्यवहार को बदल सकता है। पालतू सांपों पर हुई स्टडी में भी पाया गया है कि खराब वातावरण उनके स्वभाव पर गहरा असर डालता है।

खाना छोड़ देना

जब सांप तनाव में होते हैं, तो सबसे पहले उनकी खाने की आदत बदल जाती है। वे अपना पसंदीदा शिकार भी खाने से मना कर सकते हैं। यह संकेत साफ बताता है कि वह असहज महसूस कर रहा है। अगर यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे, तो उनकी सेहत पर भी असर पड़ सकता है।

ज्यादा छिपकर रहना भी खतरे का इशारा

तनाव में सांप अपनी जगह से कम बाहर निकलते हैं और ज्यादा समय छिपकर बिताते हैं। वे कोनों, पत्थरों या बिलों में खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। अगर कोई सांप सामान्य से ज्यादा छिपा रहने लगे, तो यह भी तनाव का संकेत माना जाता है।

बिना वजह आक्रामक नहीं होते सांप

तनाव में सांप खुद को बचाने के मोड में आ जाते हैं। ऐसे में वे फुफकारना, शरीर को सिकोड़ना, सिर उठाना या काटने की कोशिश जैसी हरकतें कर सकते हैं। लोग अक्सर इसे गुस्सा समझ लेते हैं, जबकि असल में यह उनकी आत्मरक्षा की प्रतिक्रिया होती है।

शरीर की हरकतें भी बताती हैं हालत

अगर कोई सांप लगातार बेचैन दिखे, इधर-उधर घूमे या बार-बार अपनी जगह बदलने की कोशिश करे, तो यह भी संकेत है कि वह तनाव में है। कभी-कभी वे दीवार या बाड़े से टकराने की कोशिश भी करते हैं, जो उनकी असहज स्थिति को दर्शाता है।

समझदारी से बदल सकता है नजरिया

अगर सांपों के व्यवहार को सही तरीके से समझा जाए, तो उनके प्रति डर कम हो सकता है। वे बिना वजह हमला नहीं करते, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए प्रतिक्रिया देते हैं। सही वातावरण और देखभाल से उनका तनाव कम किया जा सकता है और उनका व्यवहार सामान्य बना रहता है।

समंदर की लहरों में बहने के 1 हफ्ते बाद जिंदा मिला टूरिस्ट, कच्चे केकड़े खाकर ऐसे बचाई जान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।