राजा की हत्या के बाद इंदौर आई थी सोनम, फिर वहां से गई गाजीपुर, मेघालय पुलिस के ऑपरेशन हनीमून ने ऐसा सुलझाई पूरी गुत्थी

राजा और सोनम को आखिरी बार 23 मई को मेघालय के नोंग्रियाट गांव में शिपारा होमस्टे से बाहर निकलते हुए देखा गया था। राजा रघुवंशी का शव 2 जून को एक खाई में पाया गया था। एक हफ्ते बाद सोनम उत्तर प्रदेश में सामने आई और उस पर आरोप लगा कि उसने और उसके प्रेमी ने राजा की हत्या के लिए तीन हत्यारों - आकाश, आनंद और विकास को सुपारी दी थी

अपडेटेड Jun 10, 2025 पर 4:05 PM
Story continues below Advertisement
Raja Murder Case: राजा की हत्या के बाद इंदौर आई थी सोनम, फिर वहां से गई गाजीपुर

मेघालय में हनीमून के दौरान राजा रघुवंशी की कथित तौर पर कराई गई हत्या अब देश की सबसे पेचीदा मर्डर मिस्ट्री में से एक बन गई है। आरोप है कि राजा की पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। मेघालय पुलिस ने सोनम और उसके कथित साथियों का पता लगाने के लिए ऑपरेशन हनीमून चलाया था, जिसके बारे में कुछ खास जानकारी सामने आ गई है। राजा और सोनम को आखिरी बार 23 मई को मेघालय के नोंग्रियाट गांव में शिपारा होमस्टे से बाहर निकलते हुए देखा गया था।

राजा रघुवंशी (Raja Raghuvanshi) का शव 2 जून को एक खाई में पाया गया था। एक हफ्ते बाद सोनम उत्तर प्रदेश में सामने आई और उस पर आरोप लगा कि उसने और उसके प्रेमी ने राजा की हत्या के लिए तीन हत्यारों - आकाश, आनंद और विकास को सुपारी दी थी।

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, मामले को सुलझाने वाली पुलिस टीम के सूत्रों ने घटनाओं की एक-एक कड़ी का खुलासा किया है, जिससे हत्या के बाद सोनम के ठिकाने का पता लगाने में मदद मिलेगी, साथ ही पुलिस मुख्य आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को कैसे अंजाम दिया, वो भी पता लगाने की कोशिश कर रही है।


राजा की हत्या के बाद सोनम कैसे भागी?

सोनम और राज ने 11 मई को राजा के साथ अपनी शादी के कुछ ही दिनों बाद हत्या की योजना बना ली थी। नौ दिन बाद, 20 मई को वे अपने हनीमून के लिए मेघालय के लिए रवाना हुए। एक दिन बाद, वे राज्य की राजधानी शिलांग में थे।

हत्या के आरोपी 21 मई को गुवाहाटी पहुंचे। वहां से वे सोनम और राजा का पीछा करते हुए 22 मई को शिलांग पहुंचे। हत्या की घटना 23 मई को हुई और उसी दिन से दंपति का कुछ पता नहीं चल पाया।

सूत्रों ने बताया कि सोनम रघुवंशी (Sonam Raghuvanshi) को घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर देखा गया था और हत्या उसके सामने ही हुई। तीनों आरोपियों ने दावा किया है कि सोनम ने ही हत्यारों को राजा की हत्या करने का निर्देश दिया था।

हत्या के बाद, चारों आरोपी क्राइम सीन से 11 किलोमीटर दूर मिले। हालांकि, राज मेघालय नहीं गया था। सोनम इसके बाद गुवाहाटी पहुंची और वहां से ट्रेन से अपने गृहनगर के लिए रवाना हो गई। वह 25 मई को इंदौर पहुंची और राज से मिली, जिसने उसके रहने के लिए किराए पर कमरा बुक कर दिया था। इस बीच राज भी पास के ही एक दूसरे होटल में रुका।

सूत्रों ने बताया कि बाद में उन्होंने एक कार का इंतजाम किया, जो उसे उत्तर प्रदेश ले गई। सोनम ने 8 जून को देर रात गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दावा किया कि वह व्याकुल अवस्था में मिली थी और उसे बुखार भी था।

मेघालय पुलिस 'ऑपरेशन हनीमून'

मेघालय पुलिस ने ऑपरेशन हनीमून शुरू किया और मामले की जांच कर रहे 120 कर्मियों में से 20 सदस्यों की कोर टीम बनाई। उन्होंने 7 जून को संदिग्धों के ठिकानों पर छापे मारे और सोनम के साथ देखे गए तीन संदिग्ध हत्यारों की प्रोफाइल की जांच की।

इंदौर के जिस इलाके में आरोपी रह रहे थे, वहां की लगभग 42 फुटेज में उन्हें देखा गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दंपति ने गुवाहाटी में उनके होटल के बाहर एक दुकान से एक चाकू खरीदा था। यह शायद वही हथियार है, जिसका इस्तेमाल राजा की हत्या के लिए किया गया था और जो उसके शव के पास मिला था।

जांच में जो बात अजीब लगी वो ये कि इस जोड़े ने साथ में कोई फोटो नहीं खिंचवाई। सोशल मीडिया पर कोई फोटो शेयर नहीं की गई। सूत्रों के मुताबिक यहीं से पुलिस को शक हुआ कि कुछ गड़बड़ है।

23 मई को दोपहर 2:15 बजे, सोनम ने कथित तौर पर राजा के सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट किया कि उनका रिश्ता सात जन्मों तक के लिए है। राजा की लाश मिलने के बाद से ही सोनम संदिग्धों में शामिल थी, लेकिन इस नाटकीय पोस्ट ने पुलिस को आश्वस्त कर दिया कि उसका व्यवहार सामान्य नहीं था।

पुलिस को घटनास्थल पर खून से लथपथ आकाश की शर्ट भी मिली थी। सूत्रों ने बताया कि सोनम ने उसे अपना रेनकोट दिया था, जो वहां से 6 किलोमीटर दूर मिला था। उन्होंने दावा किया कि यह पुलिस को गुमराह करने की उसकी योजना का हिस्सा था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।