जब भी नारियल के पेड़ नजर आते हैं, तो अक्सर सबसे पहले नारियल पानी, चटनी या स्वादिष्ट व्यंजनों का ख्याल आता है। लेकिन केरल की सुमिला जयराज ने इन्हीं नारियल के पेड़ों में एक ऐसा कारोबारी अवसर देखा, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। कभी घर-परिवार में व्यस्त रहने वाली सुमिला आज Greenaura नाम की कंपनी चला रही हैं, जो नारियल से बने कई उत्पाद तैयार करती है। इनमें वर्जिन कोकोनट ऑयल, नारियल का दूध पाउडर, अचार, चटनी और नारियल से बनी सांभर पाउडर जैसे उत्पाद शामिल हैं। The Better India के मुताबिक, कंपनी की औसत मासिक बिक्री करीब 20 लाख रुपये है और इसके ग्राहक अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और मलेशिया तक मौजूद हैं।
पढ़ाई से परिवार तक पहुंचा सफर
केरल के एंगंडियूर में जन्मीं सुमिला ने जूलॉजी और इंग्लिश लिटरेचर की पढ़ाई की थी। शादी के बाद वह मुंबई चली गईं। कुछ समय बाद जुड़वां बच्चों के जन्म के साथ उनकी दुनिया परिवार और घर की जिम्मेदारियों के इर्द-गिर्द सिमट गई। केरल के एंगंडियूर में जन्मीं सुमिला कई साल बाद परिवार के पास वापस केरल आईं। उनके पति नौकरी के लिए दुबई चले गए और बच्चे भी पढ़ाई के लिए बाहर चले गए। इसी दौरान सुमिला ने महसूस किया कि अब वो अपने लिए भी एक अलग पहचान बनाना चाहती हैं।
एक नौकरी ने दिखाया नया रास्ता
अपने लिए कुछ नया करने के इरादे से सुमिला ने वर्जिन कोकोनट ऑयल बनाने वाली एक स्थानीय कंपनी में काम शुरू किया। यहीं से नारियल से बनी उत्पादों के प्रति उनकी दिलचस्पी बढ़ने लगी। वो ग्राहकों के सवालों का जवाब देती थीं और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों से बातचीत भी संभालती थीं। उनकी मेहनत का नतीजा ये रहा कि कंपनी को लंदन से अपना पहला एक्सपोर्ट ऑर्डर हासिल हुआ। यही अनुभव आगे चलकर उनके अपने कारोबार की नींव बना।
घर के पास छोटी सी शेड से शुरुआत
सुमिला ने नौकरी छोड़कर अपना व्यवसाय शुरू करने का फैसला किया। शुरुआत किसी बड़े कारखाने या भारी निवेश से नहीं, बल्कि अपने घर के पास बनी एक छोटी सी शेड से हुई। उन्होंने वर्जिन कोकोनट ऑयल तैयार करने के लिए सेंट्रीफ्यूगल तकनीक का इस्तेमाल किया। उनका उद्देश्य ऐसा तेल तैयार करना था, जिसमें नारियल के प्राकृतिक पोषक तत्व और एंटीऑक्सिडेंट्स अधिक मात्रा में बरकरार रहें। लेकिन कारोबार शुरू करना आसान नहीं था। लोन हासिल करने से लेकर ग्राहकों को नारियल उत्पादों के फायदे समझाने तक, उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
एक उत्पाद से बढ़ता गया कारवां
मुश्किलों के बावजूद सुमिला ने कदम पीछे नहीं खींचे। वर्ष 2021 में उन्होंने Greenaura को औपचारिक रूप से लॉन्च किया। इसके बाद कंपनी ने वर्जिन कोकोनट ऑयल से आगे बढ़ते हुए चटनी, अचार, दूध पाउडर और सांभर पाउडर जैसे कई उत्पाद बाजार में उतारे।
(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)