ICC Women’s World Cup: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सालों की मेहनत और उम्मीदों को सच करते हुए रविवार रात नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम में अपना पहला ICC महिला वर्ल्ड कप खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ भारत का वर्ल्ड कप जीतने का लंबा इंतजार खत्म हो गया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद गूगल और अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला जैसे दिग्गज भारतीय मूल के टेक लीडर्स ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर टीम इंडिया को बधाई दी।
सुंदर पिचाई ने भारतीय महिला टीम को बधाई दी
गूगल के CEO सुंदर पिचाई, जो लंबे समय से क्रिकेट के बड़े प्रशंसक हैं, टीम इंडिया की जीत पर बधाई देने वालों में सबसे पहले थे। उन्होंने मैच के तुरंत बाद एक्स पोस्ट पर इस फाइनल को "रोमांचक और दिल थाम देने वाला" बताया। पिचाई ने कहा कि इस मैच ने 1983 और 2011 में भारत की प्रतिष्ठित विश्व कप जीत की यादें ताजा कर दीं। पिचाई ने एक्स (जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था) पर लिखा, "यह महिला विश्व कप का बेहद रोमांचक फाइनल था - वाकई 1983 और 2011 की यादें ताजा हो गईं। टीम इंडिया को बधाई! मुझे यकीन है कि यह पूरी नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा। दक्षिण अफ्रीका के लिए भी यह एक शानदार टूर्नामेंट था।"
बता दें कि 2 नवंबर को हुए महिला विश्व कप में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हरा दिया। भारत की सलामी बल्लेबाजों ने शुरु से ही आक्रामक शुरुआत की। शेफाली वर्मा ने बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों पर पांच चौके जड़े। स्मृति मंधाना ने अपने खास बैक-कट और कवर ड्राइव लगाए और दोनों ने मिलकर 8 ओवर में बिना किसी नुकसान के 58 रन बना लिए।
सत्य नडेला: 'नए अध्याय लिखे गए, दिग्गजों का जन्म हुआ'
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला ने इस जीत को महिला क्रिकेट के लिए एक निर्णायक दिन बताया। उन्होंने दोनों टीमों के प्रदर्शन और टूर्नामेंट में उनके द्वारा दिखाई गई खेल भावना की सराहना की। नडेला ने लिखा, Women in Blue = World Champions! दक्षिण अफ्रीका को उनके पहले फ़ाइनल में पहुंचने के लिए सम्मान, महिला क्रिकेट के लिए सचमुच एक ऐतिहासिक दिन - नए अध्याय लिखे गए, बाधाएं टूटीं, दिग्गजों का जन्म हुआ।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में, भारत ने अपने अंतिम मैच में पहली बार फाइनल में पहुंची दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर एक प्रभावशाली ऑलराउंड प्रदर्शन किया। शैफाली वर्मा शतक से बस चूक गईं और उन्होंने शानदार 87 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 58 रनों की जुझारू पारी खेली और फिर पांच महत्वपूर्ण विकेट (5/39) लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाजों, लॉरा वोल्वार्ड्ट और ताज़मिन ब्रिट्स ने अपनी टीम को आक्रामक शुरुआत दी, स्ट्राइक रोटेट करते हुए और गैप में बल्लेबाजी करते हुए। वोल्वार्ड्ट ने 101 रनों की पारी खेली, जबकि विकेट गिरने का सिलसिला जारी था।