Supermoon 2025: नवंबर के महीने में आसमान में एक अनोखा कुदरती नजारा देखने को मिलने वाला है। इस बार 5 नवंबर 2025 की रात आसमान में सुपरमून दिखाई देगा, जो इस साल की बाकी पूर्णिमा से बड़ा और ज्यादा चमकदार होगा। ये चांद धरती के सबसे नजदीक आने वाला पूर्णिमा होगा, इसलिए इसकी रोशनी और चमक खास दिखाई देगी। अगर आप इस खास सुपरमून को देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको किसी दूरबीन या खास उपकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। आप इसे साफ मौसम और खुले आसमान में देख सकते हैं। आइए जानते हैं भारत में कितने बजे और कहां-कहां पर दिखेगा सुपरमून
बता दें इस साल कुल तीन सुपरमून हैं, जिसमें ये सबसे ज्यादा रोशनी वाला रहेगा। यह अक्टूबर के सुपरमून से बड़ा और तेज दिखेगा, जबकि दिसंबर वाला सुपरमून इस से थोड़ा छोटा होगा।
सुपरमून तब होता है जब पूर्णिमा के समय चांद धरती के सबसे पास आ जाता है, जिसे पेरिगी कहते हैं। चांद की कक्षा गोल नहीं होती, इसलिए वो हर समय थोड़ा-बहुत दूर-करीब होता रहता है। NASA के अनुसार, जब चांद पूर्णिमा के साथ पेरिगी पर होता है, तो वह आम पूर्णिमा से लगभग 14% बड़ा और करीब 30% ज्यादा चमकीला दिखता है। इसी वजह से सुपरमून का नजारा हर किसी के लिए खास बन जाता है। NASA और एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, नवंबर का यह सुपरमून पृथ्वी से करीब 222,000 मील यानी लगभग 357,000 किलोमीटर से भी कम दूरी पर आएगा। इसी वजह से ये 2025 का सबसे बड़ा और सबसे चमकीला पूर्णिमा का चांद होगा।
भारत में कितने बजे दिखेगा
सुपरमून भारत में 5 नवंबर की शाम सूर्यास्त के बाद दिखाई देगा और रात भर आसमान में रहेगा। यह अपने चरम पर 6 बजकर 49 मिनट पर होगा। दिल्ली, लखनऊ और चंडीगढ़ में लगभग 6 बजे, मुंबई और अहमदाबाद में करीब 6:15 बजे और कोलकाता व पटना में करीब सवा 5 बजे से इसे देखा जा सकेगा। दक्षिण भारत के शहरों जैसे चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी यह 6 बजे से दिखाई देगा। शिमला, मनाली और लेह में यह करीब 5:30 बजे नजर आ जाएगा। भारत के अलावा सुपरमून अमेरिका, यूरोप, दुबई, टोक्यो, सिंगापुर, सिडनी और कई अन्य जगहों पर भी अलग-अलग समय पर देखा जा सकेगा। वहीं अमेरिका में इसे देखने का सबसे अच्छा समय सूर्यास्त के बाद होगा, जब चांद क्षितिज के पास सबसे बड़ा दिखाई देता है। इसे देखने के लिए बस मौसम साफ होना चाहिए।
इस सुहाने नजारे को देखने के लिए आपको किसी दूरबीन या खास उपकरण की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस खुले में निकलें और कोशिश करें कि आप शहर की तेज रोशनियों से दूर किसी जगह, जैसे पार्क, समुद्र किनारे या खुली खाली जमीन पर हों। जहां रोशनी कम होगी, वहां चांद की चमक और भी साफ दिखाई देगी। भले ही चांद का आकार आपको ज्यादा अलग न लगे, लेकिन उसकी तेज रोशनी और चमक उसे रात के आसमान में बहुत खास बना देगी।