मां से दूर विदेश में काम कर रहा था बेटा, फिर भी हर पल साथ; टेक प्रोफेशनल ने पुराने लैपटॉप से निकाला गजब जुगाड़

काम के लिए मां से दूर रहना आसान नहीं होता। टेक प्रोफेशनल हर्ष सावेर्गांवकर ने इस दूरी को कम करने के लिए अनोखा तरीका अपनाया। उन्होंने घर पर एक पुराने लैपटॉप को बड़ी स्क्रीन के साथ 24 घंटे वीडियो कॉल पर सेट कर दिया। अब बिना लगातार बात किए भी मां-बेटे एक-दूसरे को महसूस कर सकते हैं

अपडेटेड Oct 05, 2026 पर 1:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हर्ष ने इस पूरे सेटअप को भरोसेमंद बनाने के लिए AI असिस्टेंट Claude की मदद ली। (representative image)

काम के सिलसिले में मां से दूर रहना किसी भी बेटे के लिए भावुक करने वाला अनुभव हो सकता है। टेक प्रोफेशनल हर्ष सावेर्गांवकर ने इस दूरी को कम करने के लिए एक अनोखा तरीका निकाला। उन्होंने घर पर एक पुराने लैपटॉप को बड़ी स्क्रीन के साथ 24 घंटे वीडियो कॉल पर सेट कर दिया। अब हर्ष विदेश में रहते हुए भी अपनी मां को स्क्रीन पर देख सकते हैं और मां भी उन्हें अपने आसपास महसूस कर सकती हैं। दोनों हर समय बात नहीं करते,लेकिन बीच-बीच में एक-दूसरे को देख लेना ही काफी है। उनका यह आइडिया सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

डाइनिंग टेबल पर रखा पुराना लैपटॉप

हर्ष ने घर में रखे एक पुराने Linux लैपटॉप को बड़ी स्क्रीन के साथ डाइनिंग टेबल पर सेट कर दिया। इसके बाद उन्होंने उस पर 24 घंटे चलने वाली वीडियो कॉल शुरू कर दी। अब मां अपने घर पर रहती हैं और हर्ष जहां भी काम के लिए होते हैं, स्क्रीन पर दोनों एक-दूसरे को देख सकते हैं। इस इंतजाम की सबसे खास बात यह है कि उन्हें लगातार बात करने की जरूरत नहीं पड़ती। दोनों अपने-अपने काम में व्यस्त रहते हैं, लेकिन बीच-बीच में बस स्क्रीन की तरफ देखकर यह एहसास हो जाता है कि दूसरा व्यक्ति साथ है।


AI ने बनाया पूरा सिस्टम आसान

हर्ष ने इस पूरे सेटअप को भरोसेमंद बनाने के लिए AI असिस्टेंट Claude की मदद ली। उन्होंने ऐसे स्क्रिप्ट तैयार कराए, जो छोटी-मोटी तकनीकी परेशानी आने पर वीडियो कॉल को दोबारा चालू कर सकें। अगर ब्राउजर क्रैश हो जाए या इंटरनेट कनेक्शन टूट जाए, तो सिस्टम खुद दोबारा कनेक्ट होने की कोशिश करता है। अगर लैपटॉप बंद हो जाए, तो मां को सिर्फ पावर बटन दबाना होता है और कनेक्शन फिर से शुरू हो जाता है।

बात नहीं होती, फिर भी साथ होने का एहसास

हर्ष ने बताया कि कई बार वह विदेश में काम करते और खाना खाते रहते हैं, जबकि उनकी मां घर पर अपना काम करती हैं। दोनों के बीच घंटों कोई बातचीत नहीं होती, लेकिन स्क्रीन पर एक-दूसरे की मौजूदगी बनी रहती है।

रात में अगर मां पानी पीने के लिए उठती हैं और स्क्रीन पर बेटे को काम करते देख लेती हैं, तो बस एक छोटी-सी 'हाय' भी उनके बीच की दूरी को कम कर देती है।

इंटरनेट को पसंद आया मां-बेटे का यह रिश्ता

हर्ष की पोस्ट वायरल होने के बाद लोगों ने इसे बेहद प्यारा और भावुक विचार बताया। कई यूजर्स ने कहा कि विदेश में अकेले रहकर परिवार से जुड़े रहने की मुश्किल को यह तरीका खूबसूरती से दिखाता है। कुछ लोगों ने सिस्टम को और बेहतर बनाने के सुझाव भी दिए। एक यूजर ने कहा कि ऐसा फीचर जो मां के कैमरे के सामने आने या मदद की जरूरत पड़ने पर बेटे को अलर्ट कर दे, काफी उपयोगी हो सकता है।

Video: कैप्टन स्मित मच्छार के लिए विदेशी सिंगर ने गाया SRK का गाना, वीडियो देख भावुक हुए लोग

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।