Tinder : टिंडर एक ऐसा डेटिंग ऐप है जिसे दुनियाभर में करोड़ों लोग अपने लिए पार्टनर सर्च करने के लिए इस्तेमाल करते हैं। इसमें कई ऐसा फीचर्स मिलते हैं, जो यूजर्स की प्राइवेसी बनाए रखने के साथ-साथ उन्हें अपने लिए सही पाटर्नर ढूंढने में भी मदद करते हैं। टिंडर ने हाल ही में 'डबल डेट' नाम का एक नया फीचर लॉन्च किया है, जिसमें यूजर्स अपने किसी दोस्त के साथ टीम बनाकर ऐप पर दूसरे कपल से मैच कर सकते हैं। फिलहाल यह सुविधा अमेरिका और कुछ चुनिंदा देशों में शुरू की गई है और जुलाई में इसे दुनियाभर में जारी किया जाएगा।
Tinder लेकर आया ये नया फीचर
कंपनी का कहना है कि यह नया फीचर ऑनलाइन डेटिंग को ज्यादा सोशल और कम टेंशनभरा बनाने के इरादे से तैयार किया गया है। इससे पहले टिंडर ने 'मैचमेकर' और 'शेयर माई डेट' जैसे टूल पेश किए थे, जो यूज़र्स के दोस्तों और परिवार को उनके डेटिंग अनुभव का हिस्सा बनने देते थे। अब 'डबल डेट' इस आइडिया को आगे बढ़ाते हुए एक-से-एक बातचीत को एक ग्रुप एक्सपीरियंस में बदलता है।
यूजर्स इस फीचर को एक्टिव करने के लिए टिंडर के मेन कार्ड स्टैक में मौजूद एक आइकन पर टैप कर सकते हैं और अपने तीन दोस्तों को टीम में शामिल कर सकते हैं। इसके बाद वे दूसरे कपल की प्रोफाइल पर स्वाइप कर सकते हैं। अगर दोनों ग्रुप एक-दूसरे को पसंद करते हैं, तो उनका मैच हो जाता है। मैच होने के बाद एक ग्रुप चैट शुरू होती है, जिससे बातचीत और मुलाकातें आसानी से तय की जा सकें।
टिंडर के मुताबिक, इस फीचर को टेस्टिंग के दौरान खासकर जेनरेशन जेड (Gen Z) के यूजर्स ने काफी पसंद किया। डबल डेट में शामिल होने वाले लगभग 90% प्रोफाइल 29 साल से कम उम्र के लोगों के थे। टिंडर का कहना है कि यह उम्र वर्ग उसके ग्लोबल यूजर बेस का आधे से भी ज़्यादा हिस्सा है और आमतौर पर वे कैज़ुअल और ग्रुप के साथ होने वाले डेटिंग अनुभव को पसंद करते हैं। शुरुआती आंकड़ों से पता चला है कि टिंडर का 'डबल डेट' फीचर यूजर्स के बीच ज्यादा एक्टिविटी और जुड़ाव ला रहा है।
टेस्टिंग में पता चली ये हैरान करने वाली बात
टेस्टिंग के दौरान, इस फीचर का इस्तेमाल करने वाली महिलाएं अकेले प्रोफाइल की तुलना में किसी कपल को पसंद करने में तीन गुना ज्यादा इंटरेस्ट दिखा रही थीं।इसके अलावा, डबल डेट चैट में शामिल यूजर्स ने आमने-सामने की सामान्य चैट के मुकाबले औसतन 35% ज्यादा मैसेज भेजे। इस फीचर की वजह से टिंडर पर नए और दोबारा लौटने वाले यूजर्स की संख्या में भी हल्की बढ़त देखी गई। लगभग 15% लोग या तो पहली बार ऐप से जुड़े या हाल ही में फिर से एक्टिव हुए।