देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों में गिनी जाने वाली वंदे भारत एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह उसकी रफ्तार नहीं बल्कि खाने की क्वालिटी है। अहमदाबाद से मुंबई के बीच दौड़ रही इस ट्रेन में यात्रियों को परोसे गए भोजन में कीड़े मिलने की खबर ने सभी को चौंका दिया। जैसे ही इस घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, देखते ही देखते मामला वायरल हो गया और यात्रियों के बीच नाराजगी बढ़ने लगी।
जिस ट्रेन को आरामदायक और सुरक्षित सफर का प्रतीक माना जाता है, उसी में ऐसी लापरवाही ने लोगों का भरोसा हिला दिया। सवाल उठने लगे हैं कि आखिर प्रीमियम सेवा में ऐसी बड़ी चूक कैसे हो सकती है।
यात्रियों ने जब खाना खोला तो उसमें कीड़े नजर आए, जिसके बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों ने तुरंत फोटो लेकर रेलवे और IRCTC से शिकायत की। बताया जा रहा है कि एक ही कोच में कम से कम दो लोगों के खाने में ऐसी गड़बड़ी सामने आई, जिससे बाकी यात्रियों ने खाना खाने से ही इनकार कर दिया।
सोशल मीडिया बना शिकायत का हथियार
आदित्य डिडवानिया नाम के एक यात्री ने एक्स (Twitter) पर तस्वीरें शेयर करते हुए शिकायत दर्ज कराई। देखते ही देखते ये मामला वायरल हो गया और रेलवे प्रशासन पर सवाल उठने लगे कि आखिर प्रीमियम ट्रेन में ऐसी लापरवाही कैसे हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए IRCTC ने तुरंत कार्रवाई की। फूड सप्लाई करने वाली कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का नोटिस भी जारी कर दिया गया।
सफाई और पेस्ट कंट्रोल की कार्रवाई
IRCTC अधिकारियों के अनुसार, घटना सामने आते ही कोच में डीप क्लीनिंग और पेस्ट कंट्रोल कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वच्छता उनकी पहली प्राथमिकता है और ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या महंगे किराए वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को सुरक्षित और साफ खाना मिल पा रहा है? लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं रेलवे की फूड क्वालिटी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।