Delhi Weather Report : राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। सोमवार को राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में तपती गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहा। दोपहर में धूप का आलम ऐसा है कि मानो आसमान से आग बरस रही। गर्मी के इस थर्ड डिग्री टॉर्चर में लोगों का दिन के समय घर से बाहर निकलना दूभर नजर आ रहा।इस बीच मौसम विभाग ने बड़ी भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने अगले दो दिन यानी 10 और 11 जून तक 'हीट वेव' और 'धूल भरी तेज हवाओं' का येलो अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 10 जून से देश के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि देश के दक्षिणी राज्यों और पश्चिम में तटीय इलाकों के साथ इसके साथ ही पूर्वोत्तर के राज्यों में भी 10 जून से भारी बारिश शुरू हो सकती है। वहीं दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है। 10 जून से देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिससे लोगों का भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
12 जून से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 10 और 11 जून को भीषण गर्मी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तपती गर्मी का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक 12 जून को मौसम में स्पष्ट बदलाव देखा जा सकेगा।
तपती गर्मी से लोगों का हाल बेहाल
बता दें कि सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो मौसमी औसत से 2.1 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मंगलवार को शहर में तेज हवाएं चलने की संभावना है और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
दिल्ली के साथ ही साथ नोएडा में भी चिलचिलाती तेज धूप ने इन दिनों लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सूरज की किरणें निकलने के साथ ही अपना तेवर दिखाना शुरू कर देती हैं। गर्मी का हाल ऐसा रहा कि सुबह 9 बजे ही अधिकतम पारा 32 डिग्री पर था वहीं दोपहर को धूप का असर इतना ज्यादा था कि लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था।