देश में भीषण गर्मी के समय भी लोग बारिश का सामना कर रहे हैं। कई राज्यों में आंधी-तूफान से लोगों की हालत खराब है। देश में जैसे-जैसे गर्मी का दौर आगे बढ़ रहा है। उसके साथ ही मौसम के अलग-अलग नजारे में भी सामने आ रहे हैं। कुछ इलाकों में तो लू के थपेड़ों से लोगों ने बाहर निकलना बंद कर दिया है। फसल कटाई के इस सीजन में आंधी-बारिश होने से किसानों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। मौसम किसानों की मेहनत पर पानी फेर सकता है। इधर दिल्ली में धूल भरी आंधी और बारिश के बाद एक फिर मौसम साफ होने लगा है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में रविवार (13 अप्रैल) को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बता दें कि पिछले दो दिन से दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए और भी गंभीर चेतावनियां जारी की हैं। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली- एनसीआर समेत यूपी, पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों में बारिश और तेज हवाएं चलने का सिलसिला जारी रहेगा। आईएमडी ने हालिया जानकारी में बताया कि उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 13 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड में 15 अप्रैल को ओले गिरने की आशंका जताई है। IMD के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखंड़, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तूफानी हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश हुई।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को गर्मी बढ़ने लगेगी। आंशिक तौर पर बादल रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक रह सकता है। 14 और 15 अप्रैल को तेज गर्मी रहेगी। तीखी धूप खिलेगी और आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान बढ़कर 38 से 41 डिग्री के स्तर पर पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 21 से 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। दिल्ली में 15 से 18 अप्रैल के बीच दिन के समय तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 35 से बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। 14 और 15 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर लू चल सकती है। वहीं, 16-18 अप्रैल के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने 15 अप्रैल को दिल्ली में लू के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जमीनी सतह पर 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इनकी वजह से धूल मिट्टी भी हवा में बनी रहेगी। अधिकतम तापमान इस दौरान 40 से 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री तक रह सकता है।