इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक अजीब सी थ्योरी फिर से चर्चा में आ गई है, जिसका नाम है – ‘पिज्जा इंडेक्स थ्योरी’। इस थ्योरी के मुताबिक, अमेरिका के रक्षा मुख्यालय पेंटागन वाले इलाके में जब भी पिज्जा के ऑर्डर में अचानक उछाल आता है तो यह दुनिया में किसी बड़े सैन्य या भू-राजनीतिक घटना होने का संकेत होता है। हाल ही में ‘Pentagon Pizza Report’ नाम के एक लोकप्रिय सोशल मीडिया अकाउंट ने इस थ्योरी से जुड़ी नई जानकारियां साझा की हैं।
इस अकाउंट ने दावा किया कि पेंटागन के पास स्थित चार बड़े पिज्जा रेस्टोरेंट्स से अचानक पिज्जा ऑर्डर्स में जबरदस्त उछाल आया और यह ठीक उस वक्त हुआ जब इजराइल ने ईरान पर हवाई हमले शुरू किए।
एक पोस्ट में लिखा गया, “शाम 6:59 ET तक पेंटागन के पास सभी पिज्जा आउटलेट्स में जबरदस्त भीड़ देखी गई।”। यह वही समय था जब ईरान के सरकारी टीवी पर तेहरान में धमाकों की खबरें आनी शुरू हुईं।
पोस्ट में गूगल मैप्स का डेटा भी शेयर किया, जिसमें पेंटागन के पास के चार पिज्जा आउटलेट्स के आंकड़े दिखाए हैं। इनमें वी, द पिज्जा, डिस्ट्रिक्ट पिज्जा पैलेस, डोमिनोज और एक्सट्रीम पिज्जा शामिल हैं। इससे पता चला कि इस दौरान इन सभी को सामान्य से ज्यादा ऑर्डर मिले। आप इस पोस्ट को नीचे देख सकते हैं-
एक दूसरे पोस्ट में कहा गया कि पेंटागन से आठ मिनट की दूरी पर स्थित Domino's आउटलेट में भी गुरुवार की रात के मुकाबले कहीं अधिक भीड़ देखी गई। इस अनोखी थ्योरी ने सोशल मीडिया यूज़र्स का ध्यान खींचा है।
एक यूजर ने मजाक में लिखा, "पेंटागन के अंदर ही पिज्जा शॉप खोल लेनी चाहिए। ये शर्मनाक है।" दूसरे ने कहा, "शानदार थ्योरी! एक घंटे के अंदर तेहरान में धमाके।" तीसरे यूजर ने कहा, "Google Maps की रिसर्च कई स्पाई एजेंसियों से बेहतर साबित हो रही है।"
दरअसल, पिज्जा इंडेक्स थ्योरी नई नहीं है। इसका इतिहास शीत युद्ध के समय से जुड़ा है। तब सोवियत संघ के जासूस अमेरिका की सैन्य हलचल पर नजर रखने के लिए पेंटागन के पास पिज्जा डिलीवरी पर नजर रखते थे। इसे उन्होंने ‘Pizzint’ का नाम दिया था, जो पिज्जा इंटेलीजेंस का शॉर्ट फॉर्म है।
1989 में पनामा पर अमेरिकी हमले से ठीक पहले पिज्जा ऑर्डर अचानक दोगुने हो गए थे। 1990 में वॉशिंगटन डीसी के एक डॉमिनोज आउटलेट्स के मालिक ने CIA बिल्डिंग्स में पिज्जा ऑर्डर बढ़ने की बात कही थी। अगले ही दिन इराक ने कुवैत पर हमला कर दिया था। 1998 में राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की महाभियोग सुनवाई के दौरान भी ऐसी ही स्थिति बनी थी।
इस बार भी इजराइल-ईरान हमले के ठीक पहले पिज्जा ऑर्डर में उछाल देखे जाने के बाद इस थ्योरी ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।