एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर सोहम पारेख (Soham Parekh) इस वक्त सुर्खियों में हैं। कहा जा रहा है कि सोहम एक ही वक्त पर कई स्टार्टअप्स के साथ काम कर रहे थे, यानि कि मूनलाइटिंग। उन पर यह आरोप लगाने वाले हैं एक अमेरिकी कंपनी के को-फाउंडर। सोहम के मामले पर इंटरनेट यूजर्स रिएक्ट भी कर रहे हैं और मीम्स भी शेयर कर रहे हैं। इस मसले ने अमेरिका में सिलिकॉन वैली और भारत की टेक कम्युनिटी में खलबली मचा दी है। सिलिकॉन वैली कई ग्लोबल टेक कंपनियों और स्टार्टअप्स का ग्लोबल सेंटर है।
विवाद तब शुरू हुआ, जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अमेरिका की ईवेंट एनालिटिक्स सर्विस कंपनी Mixpanel के को-फाउंडर और एक्स सीईओ सुहैल दोशी ने अपने साथी एंटरप्रेन्योर्स को सोहम पारेख को लेकर चेताया। उन्होंने दावा किया कि पारेख ने एक ही वक्त पर 3 से 4 फर्म्स में काम किया। पारेख YC यानि वाई कॉम्बिनेटर कंपनियों और अन्य कंपनियों को अपना शिकार बना रहे हैं, इसलिए उनसे सावधान रहें। दोशी ने यह भी लिखा कि उन्होंने सोहम को पहले सप्ताह में ही निकाल दिया और धोखा देना बंद करने के लिए कहा। लेकिन एक साल बाद भी सोहम नहीं सुधरे और ऐसा करना बंद नहीं किया।
सीवी हो गया सोशल मीडिया पर शेयर
दोशी यहीं नहीं रुके। उन्होंने X पर पारेख का सीवी शेयर कर दिया और कहा कि इसमें किए गए 90% दावे शायद फर्जी हैं और ज्यादातर लिंक गायब हो गए हैं। सोहम पारेख के सीवी में मेंशन है कि वह मुंबई यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। उन्होंने 2022 में जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की। आरोपों के बाद पता किया जा रहा है कि इन दावों में कितनी सच्चाई है। उनके सीवी में है कि वह कई टेक स्टार्टअप्स में अलग-अलग रोल्स में काम कर चुके हैं। जिनमें से कई वाई कॉम्बिनेटर के निवेश वाले स्टार्टअप हैं। वाई कॉम्बिनेटर एक स्टार्टअप एक्सेलेरेटर और वेंचर कैपिटल फर्म है। यह शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स को सीड फंडिंग और मेंटोरशिप मुहैया कराती है।
कई कंपनियों के मालिकों ने अपने यहां पारेख को अपने यहां हायर करने की पुष्टि की है लेकिन कहीं भी उनका कार्यकाल लंबा नहीं रहा। सिलिकॉन वैली के कई अन्य फाउंडर्स, इंजीनियरों और हायरिंग मैनेजर्स ने भी पारेख पर निजी फायदे के लिए नौकरी के अवसरों का फायदा उठाने का आरोप लगाया है।
करिश्माई है सोहम पारेख की पर्सनैलिटी
कहा जा रहा है कि इंटरव्यू के दौरान सोहम, बेहद स्किल्ड और करिश्माई पर्सनैलिटी के मालिक लगे। पारेख को असाधारण प्रतिभा का धनी इंजीनियर बताया जा रहा है। वह इतने प्रतिभाशाली हैं कि जिस टास्क को करने में अन्य लोगों को 3 घंटे लगते हैं, उसे सोहम एक घंटे में ही खत्म कर सकते हैं। सोहम पारेख की पब्लिक डोमेन में कोई कनफर्म फोटो नहीं है। लेकिन जूम कॉल्स के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर हुए हैं।
सोहम पारेख नाम के अकाउंट से आया जवाब
इस बीच @realsohamparekh नाम के X अकाउंट से इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया आई है। कहा गया है, "अभी मेरे बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है, और आप में से ज्यादातर लोग पूरी कहानी नहीं जानते हैं। अगर मेरे बारे में जानने के लिए कोई एक बात है, तो वह यह है कि मुझे 'बिल्ड' करना बहुत पसंद है। बस इतना ही। मुझे जानपहचान वाले लगभग हर किसी ने अलग-थलग कर दिया है, खारिज कर दिया है, और हर उस कंपनी ने बाहर कर दिया है, जिसके साथ मैंने काम किया है। लेकिन बिल्डिंग ही एकमात्र ऐसी चीज है जिसे मैं वास्तव में जानता हूं, और यही वह है जो मैं करता रहूंगा।"
पोस्ट में आगे कहा गया है कि पारेख ने एक और केवल एक कंपनी में फाउंडिंग इंजीनियर बनने के लिए एक एक्सक्लूसिव फाउंडिंग डील साइन की है। लिखा है कि वे इस समय मुझ पर दांव लगाने के लिए तैयार एकमात्र व्यक्ति थे। वे वीडियो AI स्पेस में कुछ बिल्कुल पागलपन भरा बिल्ड कर रहे हैं।