अगर आपका पालतू कुत्ता आपको बार-बार चाटता है, तो ये सिर्फ एक साधारण हरकत नहीं है। कई लोग इसे सीधे “प्यार का इजहार” मान लेते हैं, लेकिन सच इससे कहीं ज्यादा दिलचस्प है। कुत्तों का ये व्यवहार उनकी प्राकृतिक आदतों, भावनाओं और सोचने के तरीके से जुड़ा होता है। कभी ये आपके प्रति गहरा लगाव दिखाता है, तो कभी ये उनका ध्यान खींचने का तरीका होता है। कई बार वे तनाव में खुद को शांत करने के लिए भी ऐसा करते हैं, और कभी आपके शरीर की गंध या स्वाद उन्हें आकर्षित कर लेता है।
उनके लिए चाटना एक तरह की “भाषा” है, जिससे वे बिना बोले बहुत कुछ कह जाते हैं। यही वजह है कि ये छोटा सा लगने वाला व्यवहार असल में कुत्तों की दुनिया का एक दिलचस्प और रहस्यमय संकेत है, जिसे समझना हर पेट ओनर के लिए जरूरी है।
प्यार और लगाव जताने का तरीका
कुत्ते अपने मालिक को चाटकर प्यार और अपनापन दिखाते हैं। ये उनके लिए “डॉग्गी किस” जैसा होता है। पिल्लों में ये आदत मां से जुड़ाव और स्नेह पाने के लिए शुरू होती है, जो बड़े होने पर भी बनी रहती है।
अगर आपका कुत्ता आपको बार-बार चाट रहा है, तो हो सकता है वे आपका ध्यान चाहता हो। ये उसका तरीका होता है ये बताने का कि उसे खेलना है, टहलना है या वो अकेलापन महसूस कर रहा है।
तनाव या बेचैनी कम करने का तरीका
कई बार कुत्ते चिंता या तनाव में खुद को शांत करने के लिए चाटते हैं। ये उनके लिए एक तरह की “सेल्फ-सूटिंग” एक्टिविटी होती है, जिससे उन्हें आराम महसूस होता है।
कुत्तों की सूंघने और चखने की क्षमता बहुत तेज होती है। आपके हाथों या चेहरे पर लगी पसीने, खाने या लोशन की हल्की गंध भी उन्हें आकर्षित कर सकती है, इसलिए वो चाटने लगते हैं।
सामाजिक व्यवहार और जुड़ाव
चाटना कुत्तों के लिए एक सामाजिक भाषा भी है। ये उनके झुंड में आपसी जुड़ाव और सम्मान दिखाने का तरीका माना जाता है, जो आज भी घरेलू कुत्तों में देखने को मिलता है।
खुद को या चोट को ठीक करने की कोशिश
अगर कुत्ते को किसी जगह दर्द, खुजली या चोट हो, तो वह उसे बार-बार चाट सकता है। यह उनके लिए राहत पाने का प्राकृतिक तरीका होता है, हालांकि ज्यादा चाटना नुकसानदायक भी हो सकता है।
अगर आपका कुत्ता किसी एक जगह को लगातार और जरूरत से ज्यादा चाट रहा है, तो इसे हल्के में न लें। यह स्किन इन्फेक्शन, एलर्जी या मानसिक तनाव का संकेत हो सकता है। ऐसे में पशु-चिकित्सक से सलाह लेना जरूरी है।
क्या कुत्ते का चाटना सुरक्षित है?
आमतौर पर ये हानिकारक नहीं होता, लेकिन साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। अगर कुत्ता गंदी जगहों को चाटता है, तो बैक्टीरिया या संक्रमण का खतरा हो सकता है।