Video: गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज डेट पड़ा भारी! पत्नी ने पति को रंगे हाथों पकड़ा तो हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा

मेरठ में एक व्यक्ति को गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज खाते वक्त उसकी पत्नी ने देख लिया। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और पति के कार से जाने पर पत्नी बोनट पर बैठकर उसे रोकने लगी

अपडेटेड Oct 04, 2026 पर 6:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वीडियो में सुनीता चलती कार के बोनट को पकड़े हुए नजर आ रही हैं

मेरठ के एक शख्स को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज खाना भारी पड़ गया। व्यक्ति को गर्लफ्रेंड के साथ मोमोज खाते हुए उसकी पत्नी ने देख लिया। पति को दूसरी महिला के साथ देखकर पत्नी नाराज हो गई और दोनों के बीच जमकर बहस हुई। विवाद बढ़ने पर जब पति कार लेकर वहां से जाने लगा, तो पत्नी उसकी कार के बोनट पर बैठ गई और उसे रोकने की कोशिश करने लगी। पत्नी ने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

बोनट पर बैठी महिला

पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम मयंक सिंह लोहियानगर में एल-ब्लॉक पुलिस चौकी के पास अपनी कथित गर्लफ्रेंड माही वर्मा के साथ मौजूद था। इसी दौरान उसकी पत्नी सुनीता सिंह वहां पहुंच गई और दोनों को साथ देख लिया। इसके बाद सुनीता और मयंक के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर काफी हंगामा होने लगा। पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद मयंक वहां से निकलने के लिए अपनी कार में बैठ गया। उसे रोकने के लिए सुनीता कार के सामने खड़ी हो गई। बताया जा रहा है कि जैसे ही मयंक ने गाड़ी आगे बढ़ाई, सुनीता कार के बोनट पर गिर गई। इसके बाद कुछ दूर तक वह कार के बोनट पर ही रही।


100 मीटर तक चली कार

वीडियो में सुनीता चलती कार के बोनट को पकड़े हुए नजर आ रही हैं और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगती दिख रही हैं। बताया जा रहा कि कार करीब 100 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी। लोगों को इकट्ठा होता देख मयंक ने आखिरकार कार रोक दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

महिला ने दर्ज करवाई शिकायत

सुनीता ने पुलिस में शिकायत देकर अपने पति मयंक पर मारपीट करने, दहेज के लिए परेशान करने और दूसरी महिला से संबंध रखने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मयंक के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में भी केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

वाराणसी में 25 जगहों पर बनेंगे हाईटेक EV चार्जिंग स्टेशन! फ्री वाई-फाई और सिटिंग एरिया के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।