बेंगलुरु में रहने की बढ़ती लागत को लेकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। एक महिला के मुताबिक, 1 लाख रुपये से कम मासिक कमाई वाले लोगों के लिए शहर में रहना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने खास तौर पर घर खरीदने और किराए पर रहने के बढ़ते खर्च का जिक्र करते हुए कहा कि मिडिल क्लास लोगों को शहर में शिफ्ट होने से पहले अपने बजट पर अच्छी तरह विचार करना चाहिए। सोशल मीडिया यूजर ने इस पर तरह-तरह के रिएक्शन दिए हैं। सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट
सोशल मीडिया पर ये वीडियो शहर में रहने वाली इंस्टाग्राम यूजर अत्रेयी ने शेयर किया है। पोस्ट में उन्होंने कहा, "अगर आप महीने में कम से कम 1 लाख रुपये नहीं कमाते हैं, तो प्लीज बेंगलुरु न आएं।" उन्होंने माना कि उनकी यह बात विवादित लग सकती है। उन्होंने बेंगलुरु में घर खरीदने की बढ़ती लागत को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि, "शहर में प्रॉपर्टी की कीमतें इतनी ज्यादा हो गई हैं कि मिडिल क्लास परिवारों के लिए अपना घर खरीदना आसान नहीं है। उन्होंने बताया कि, बेंगलुरु में घरों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये से शुरू होती है, जबकि अच्छे इलाकों और हाउसिंग सोसाइटी में यही कीमत 3 से 4 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।"
40-45 हजार होता है किराया
अत्रेयी ने बेंगलुरु में किराए के बढ़ते खर्च का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, किसी हाउसिंग सोसाइटी में एक सामान्य 2BHK फ्लैट का किराया करीब 40 से 45 हजार रुपये प्रति माह हो सकता है। वहीं, अगर कोई गेटेड सोसाइटी के बाहर घर किराए पर लेता है, तो वहां भी किराया करीब 30 हजार रुपये महीने से शुरू हो सकता है। इन खर्चों को देखते हुए बेंगलुरु में मिडिल क्लास लोगों के लिए रहना आर्थिक रूप से आसान नहीं है। उनके मुताबिक, महीने में करीब 3 से 4 लाख रुपये कमाने वाले लोग शहर के बढ़ते खर्चों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।
अत्रेयी की बात के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि क्या बेंगलुरु में रहने के लिए 1 लाख रुपये की मासिक सैलरी को न्यूनतम मानना सही है। कुछ लोगों ने कहा कि लोग बेंगलुरु में नौकरी करते हुए शहर से दूर या दूसरे इलाकों में कम कीमत पर प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं। उनके मुताबिक, महंगी प्रॉपर्टी की समस्या सिर्फ बेंगलुरु तक सीमित नहीं है।
वहीं, कुछ लोगों ने असहमति जताई। उनका कहना था कि कम सैलरी वाले युवाओं को सिर्फ इस वजह से बेंगलुरु जाने से नहीं रोकना चाहिए। एक यूजर ने कहा कि युवाओं को शुरुआत में ज्यादा कमाई या घर खरीदने की चिंता करने के बजाय अपनी स्किल्स बेहतर करने और करियर में आगे बढ़ने पर ध्यान देना चाहिए।