जब जिंदगी मुश्किल लगे तो याद करें चार्ली चैपलिन की ये सीख, बदल जाएगा नजरिया!
चार्ली चैपलिन का यह विचार हमें सिखाता है कि जिंदगी में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, हमें डरकर रुकना नहीं चाहिए। मुश्किल समय में उम्मीद बनाए रखना, कुछ नया सोचने की कोशिश करना और खुद पर भरोसा रखना बहुत जरूरी है। चैपलिन ने खुद भी गरीबी और संघर्ष का सामना किया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और अपनी कला से लोगों को हंसाते रहे। उनकी फिल्म लाइमलाइट का मैसेज है कि हालात चाहे जैसे हों, हिम्मत और उम्मीद के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए।
चार्ली चैपलिन की पहचान भले ही एक शानदार कॉमेडियन और फिल्ममेकर की रही हो, लेकिन उनके काम में जिंदगी को समझने वाली कई बातें भी देखने को मिलती हैं। उन्होंने खुद मुश्किल दौर और संघर्ष का सामना किया था, इसलिए उनके विचार रोज की जिंदगी से भी जुड़े हैं। उन्होंने परेशानी आने पर हिम्मत हारने के बजाय उम्मीद बनाए रखी और आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे।
साल 1952 में आई उनकी फिल्म ‘लाइमलाइट’ भी जिंदगी को जीने का नया तरीका सिखाती हैं। कहानी में एक आर्टिस्ट खुद परेशानी में होकर भी दूसरों को निराश न होकर खुद पर भरोसा रखने की सीख देता है। चैपलिन के ये विचार आपको अपनी जिंदगी को नये और अलग तरीके से जीने का तरीका सिखाएंगे।
चार्ली चैपलिन का आज का कोट-
"ज़िंदगी शानदार हो सकती है अगर आप उससे डरें नहीं। बस हिम्मत, कल्पना... और थोड़े पैसे की जरूरत होती है।"
डर और हिम्मतडर जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन उसे अपने फैसलों पर हावी नहीं होने देना चाहिए। कई बार लोग असफलता, रिजेक्शन या बदलाव के डर से किसी नए काम की शुरुआत ही नहीं करते। चैपलिन का मैसेज है कि हिम्मत का मतलब डर का पूरी तरह खत्म हो जाना नहीं है, बल्कि डर होने के बावजूद आगे बढ़ते रहना है। छोटी-सी कोशिश करना, फिर से शुरुआत करना या जरूरत पड़ने पर किसी से मदद मांगना भी हिम्मत का ही हिस्सा है।
इमेजिनेशन
मुश्किल समय में अक्सर हमें सिर्फ अपनी परेशानी दिखाई देती है और आगे का रास्ता नजर नहीं आता। ऐसे समय में इमेजिनेशन और नए तरीके से सोचने की क्षमता बहुत काम आती है। अगर हम यह सोच पाएं कि हालात बदल सकते हैं और जिंदगी को किसी दूसरे तरीके से बेहतर बनाया जा सकता है, तो नए रास्ते भी दिखाई देने लगते हैं।
कम पैसा ज्यादा कॉन्फिडेंस
चैपलिन के कोट में 'थोड़े पैसे' की बात भी खास है। इसका मतलब यह नहीं कि पैसा ही खुशी देता है, बल्कि जिंदगी चलाने के लिए कुछ फाइनेंशल सिक्योरिटी जरूरी होती है। खाना, घर, इलाज और दूसरी जरूरतों के लिए पैसे चाहिए होते हैं। जब बुनियादी जरूरतें पूरी होती हैं, तो इंसान अपने सपनों और लक्ष्यों पर ज्यादा ध्यान दे पाता है।
संघर्ष और गरीबी
चैपलिन ने खुद गरीबी और संघर्ष का दौर देखा था, इसलिए उनकी फिल्मों में आम लोगों की परेशानियों और उम्मीद दोनों की झलक मिलती है। लाइमलाइट में भी कैल्वेरो एक ऐसे व्यक्ति को हिम्मत देता है, जो अपने फ्यूचर को लेकर निराश है। किसी परेशानी का मतलब यह नहीं कि आगे के सभी रास्ते बंद हो गए हैं। हालात बदल सकते हैं, बस उम्मीद बनाए रखना और कोशिश करते रहना जरूरी है।
चार्ली चैपलिन का यह कोट जिंदगी को देखने का एक सीधा और प्रैक्टिकल तरीका बताता है। सिर्फ सपने देखना काफी नहीं, उन्हें पूरा करने के लिए हिम्मत से कदम उठाना और नए रास्तों के बारे में सोचना भी जरूरी है। जिंदगी हमेशा आसान नहीं होगी, लेकिन हिम्मत, सोच और समझदारी के साथ मुश्किल समय को आसानी से पार किया जा सकता है।