समुद्र के नीचे कार भी दौड़ेगी और ट्रेन भी, 7 मिनट में बदल जाएगा देश!

डेनमार्क और जर्मनी के बीच बाल्टिक सागर के नीचे 18 KM लंबी फेहमार्नबेल्ट टनल बन रही है। इसमें 4 लेन की सड़क और 2 रेलवे ट्रैक होंगे। ट्रेन से सफर सिर्फ 7 मिनट और कार से 10 मिनट में पूरा होगा। हैम्बर्ग से कोपेनहेगन का सफर 5 घंटे से घटकर ढाई घंटे रह जाएगा। 8 अरब डॉलर के इस प्रोजेक्ट में देरी हो रही है और अब इसके 2 साल लेट होने की आशंका है।

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 8:04 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
बाल्टिक सागर के नीचे बन रही 18 KM लंबी फेहमार्नबेल्ट टनल में एक साथ दौड़ेंगी कारें और ट्रेनें, सिर्फ 7 मिनट में डेनमार्क से जर्मनी पहुंचेंगे यात्री।

डेनमार्क और जर्मनी के बीच बाल्टिक सागर के नीचे एक ऐसी सुरंग बनने जा रही है, जो यूरोप में यात्रियों के लिए सफर को और मजेदार बना देगी। इस सुरंग में एक तरफ कारें दौड़ेंगी तो दूसरी तरफ तेज रफ्तार ट्रेनें। दावा है कि ट्रेन से सिर्फ 7 मिनट में एक देश से दूसरे देश पहुंचा जा सकेगा।

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, इस प्रोजेक्ट का नाम फेहमार्नबेल्ट टनल  (Fehmarnbelt Tunnel) है। ये करीब 18 किलोमीटर लंबी होगी। इसे बनाने के लिए समुद्र के नीचे सुरंग खोदने की जगह एक अलग तकनीक अपनाई जा रही है, जिसे इमर्स्ड टनल (Immersed Tunnel) कहा जाता है। अभी तक सुरंग का करीब 900 मीटर हिस्सा समुद्र की तलहटी में अपनी जगह पर लग चुका है।

एक ही सुरंग में कार और ट्रेन साथ दौड़ेंगी, जानिए कैसे


इस सुरंग की सबसे बड़ी खासियत इसका डिजाइन है। फेहमार्नबेल्ट टनल के अंदर अलग-अलग हिस्से बनाए जा रहे हैं। एक ही बड़ी सुरंग को बीच में दीवारों से बांट दिया जाएगा। एक तरफ 4 लेन की सड़क होगी, जहां दोनों तरफ से कारें और दूसरे वाहन चलेंगे। दूसरी तरफ 2 अलग रेलवे ट्रैक होंगे, जिन पर इलेक्ट्रिक ट्रेनें दौड़ेंगी। मतलब, कार और ट्रेन एक ही सुरंग में रहेंगी, लेकिन उनका रास्ता अलग-अलग होगा। दोनों एक-दूसरे से टकराएंगी नहीं, बस साथ-साथ समुद्र के नीचे से गुजर जाएंगी।

  • ट्रेन से डेनमार्क से जर्मनी पहुंचने में लगेंगे सिर्फ 7 मिनट
  • कार से यही सफर पूरा होगा करीब 10 मिनट में
  • हैम्बर्ग से कोपेनहेगन का ट्रेन सफर 5 घंटे से घटकर रह जाएगा ढाई घंटे

यानी ये सुरंग सिर्फ दो देशों को नहीं, बल्कि पूरे यूरोप के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को जोड़ने का काम करेगी। इससे यात्रियों के साथ-साथ माल ढुलाई में भी तेजी आएगी।

समुद्र के नीचे ऐसे बन रही है सुरंग

आमतौर पर सुरंग बनाने के लिए जमीन के नीचे खुदाई की जाती है, लेकिन यहां तरीका बिल्कुल अलग है।

  • पहले समुद्र की तलहटी में एक लंबी खाई तैयार की जाती है
  • फिर जमीन पर कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े बनाए जाते हैं
  • हर टुकड़ा करीब 217 मीटर लंबा और 73,500 टन वजनी होता है
  • इन टुकड़ों को जहाज से लाकर खाई में उतारा जाता है
  • फिर सबको आपस में जोड़कर सील किया जाता है और ऊपर से मिट्टी-रेत की परत बिछा दी जाती है
  • पूरी सुरंग के लिए ऐसे 79 टुकड़े लगेंगे। इसके अलावा 10 खास टुकड़े भी होंगे, जिनमें इलेक्ट्रिकल और तकनीकी उपकरण रखे जाएंगे।

8 अरब डॉलर खर्च, फिर भी अटका है काम

फेहमार्नबेल्ट टनल यूरोप की सबसे महंगी परियोजनाओं में से एक है। इस पर करीब 8 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। पहले इसे 2029 तक खोलने की योजना थी, लेकिन अब काम कम से कम 2 साल पीछे चल रहा है। नवंबर 2026 में एक और दिक्कत आ गई। चौथे और पांचवें टुकड़े के बीच लगी रबर सील में खराबी मिली, जिसके चलते पांचवें टुकड़े को लगाना टालना पड़ा। इस प्रोजेक्ट का पूरा खर्च डेनमार्क उठा रहा है। इसमें सरकारी गारंटी वाला कर्ज और यूरोपीय संघ की मदद शामिल है।

खर्चा कैसे वसूलेगा डेनमार्क?

सुरंग बनने के बाद सरकार इसे ऐसे ही नहीं चलाएगी। इससे कमाई का भी प्लान तैयार है।

  • कारों और दूसरे वाहनों से टोल लिया जाएगा
  • रेलवे कंपनियों से ट्रैक इस्तेमाल करने का शुल्क लिया जाएगा
  • इसी कमाई से धीरे-धीरे कर्ज चुकाया जाएगा

इसे यूजर फाइनेंसिंग मॉडल कहा जाता है। यानी जो लोग सुरंग का इस्तेमाल करेंगे, उन्हीं से पैसा वसूला जाएगा। फेहमार्नबेल्ट टनल सिर्फ समुद्र के नीचे बना रास्ता नहीं है। ये स्कैंडिनेवियाई देशों को मध्य यूरोप से जोड़ने वाला बड़ा लिंक बनेगा। सफर तेज होगा, व्यापार बढ़ेगा और माल ढुलाई आसान होगी। बस, इसे शुरू होने में अभी थोड़ा और वक्त लगेगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।