अमेरिका में ट्रंप सरकार ने टैक्स से जुड़े एक बड़े बिल को मंजूरी दी है। वन बिग ब्यूटीफुल बिल (One Big Beautiful Bill) को अमेरिकी सीनेट ने पास कर दिया है। अगर भारतीयों की नजर से देखें तो अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को रेमिटेंस टैक्स के मोर्च पर बड़ी राहत मिल गई है। लेकिन ट्रंप की इस पॉलिसी से एलन मस्क बेहद नाराज हैं। पूरी खबर बताते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के लक्ष्मण रॉय न बताया कि One Big Beautiful Bill सीनेट से पास हो गया है। इसमें रेमिटेंस टैक्स 5 फीसदी से घटाकर 1 फीसदी कर दिया गया है। इससे अमेरिका में रहने वाले भारतीयों को बड़ी राहत मिली है।
ये खबर उन लाखों भारतीयों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं, जो मेहनत की कमाई अपने परिवार, कर्ज चुकाने या भारत में निवेश के लिए भेजते हैं। वर्ल्ड बैंक और RBI के आंकड़ों के मुताबिक साल 2024-25 में भारत में विदेश से कुल ₹11.60 लाख करोड़ रुपए का रेमिटेंस आया। पिछले 8 साल में विदेश से आने वाली रेमिटेंस की रकम डबल हो चुकी है। इसमें अमेरिका से आने वाले रेमिटेंस का हिस्सा करीब 25 फीसदी है। अमेरिका में बसे लाखों भारतीय सिर्फ अपने परिवार को ही नहीं बल्कि भारत के गांव में मंदिरों और दूसरे सामाजिक काम में हजारों करोड़ों रुपए भेजते हैं।
इसके अलावा अब अवैध घुसपैठियों को निकालने के लिए ज्यादा खर्च का प्रावधान किया गया है। होटल टिप और ओवरटाइम पर टैक्स खत्म कर दिया गया है। कर्मचारियों को मिलने वाले ओवरटाइम पर भी टैक्स खत्म कर दिया गया है। सोशल सिक्योरिटी के तौर पर आमदनी पर टैक्स खत्म हो गया है। अब हर बच्चे पर 2200 डॉलर तक की टैक्स छूट मिलेगी। डिफेंस बजट में 150 बिलियन की बढ़ोतरी की गई है। मेडिकएड में 1 ट्रिलियन डॉलर का आवंटन घटाया गया है। रिन्यूएबल और इलेक्ट्रिक कार पर टैक्स छूट खत्म कर दी गई है।
नए बिल से 3 ट्रिलियन डॉलर का अतिरिक्त खर्च आएगा। इस बिल के पास होने के बाद एलॉन मस्क ने कहा कि US में आर्थिक हालात बदतर होने का खतरा है। मस्क ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने का भी एलान किया है। उन्होंन US की डेट सीलिंग बढ़ाकर 4 ट्रिलियन डॉलर करने का विरोध किया है।