वेनेजुएला में अमेरिक के मिलिट्री ऑपरेशन के बाद कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती दी है। पेट्रो ने सोमवार को इस ऑपरेशन की कड़ी आलोचना की और ट्रंप को भेजे एक बयान में कहा, "आओ मुझे ले जाओ। मैं यहीं तुम्हारा इंतजार कर रहा हूं।"
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, "अगर वे [अमेरिका] बमबारी करते हैं, तो गांव के लोग पहाड़ों में हजारों की संख्या में गुरिल्ला बन जाएंगे। और अगर वे राष्ट्रपति को गिरफ्तार कर लेते हैं, जिसे देश का एक बड़ा हिस्सा प्यार और सम्मान करता है, तो वे जनता के 'जगुआर' को बेकाबू कर देंगे।"
पेट्रो खुद 1990 के दशक में लेफ्टिस्ट गोरिल्ला लड़ाके थे, जिन्होंने बाद में हथियार डाल दिए थे। उन्होंने कहा, "मैंने कसम खाई थी कि दोबारा हथियार नहीं उठाऊंगा... लेकिन मातृभूमि के लिए फिर से बंदूक उठा लूंगा।"
वेनेजुएला पर हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव तब और बढ़ गया, जब ट्रंप ने रविवार को पत्रकारों से कहा कि कोलंबिया का शासन एक ऐसे व्यक्ति के हाथ में है, जो अमेरिका को ड्रग्स बेचता है।
ट्रंप ने कहा, "कोलंबिया भी बहुत बीमार है, एक ऐसे बीमार आदमी के हाथ में है, जिसे कोकीन बनाना और उसे अमेरिका को बेचना पसंद है। और मैं आपको बता दूं, वह इसे ज्यादा समय तक नहीं कर पाएगा।"
रिपब्लिकन नेता ने यह भी कहा कि कोलंबिया के खिलाफ अभियान शुरू करना उन्हें "अच्छा लगता है"।
रविवार को एक बयान में, कोलंबियाई विदेश मंत्रालय ने कहा कि देश "संवाद, सहयोग और पारस्परिक सम्मान पर आधारित अंतरराष्ट्रीय संबंध बनाए रखेगा"। हालांकि, वह "राज्यों के बीच संबंधों में धमकियों या बल के प्रयोग को अस्वीकार्य मानता है।"
अक्टूबर में, ट्रंप ने अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार से जुड़े होने के कारण पेट्रो और उनके परिवार के सदस्यों पर प्रतिबंध लगा दिए थे।
कोलंबिया दुनिया में कोकीन का सबसे बड़ा उत्पादक है। कोका का पौधा मुख्य रूप से तीन लैटिन अमेरिकी देशों - पेरू, बोलीविया और कोलंबिया में उगाया जाता है।
जब मादुरों ने दी थी ट्रंप को ऐसी ही चेतावनी
इससे पहले अगस्त में, वेनेजुएला के नेता निकोलस मादुरो ने ट्रंप को चुनौती देते हुए कहा, "आओ और मुझे पकड़ो।"
"आओ मुझे पकड़ो। मैं मिराफ्लोरेस में तुम्हारा इंतजार करूंगा। देर मत करना, कायर!" उन्होंने अगस्त में एक जोशीले भाषण में यह बात कही थी। उन्होंने ये बात तब कही, जब अमेरिका ने उनकी गिरफ्तारी की जानकारी देने वाले को इनाम की रकम बढ़ा दी थी।
रविवार को व्हाइट हाउस ने X चैनल पर एक वीडियो में मादुरो के इसी बयान को दिखाकर उनका मजाक उड़ाया।