Air India: अमेरिका के पूर्वी तट पर दस्तक दे रहे भीषण शीतकालीन तूफान और भारी बर्फबारी के पूर्वानुमान को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयरलाइन ने 25 और 26 जनवरी को न्यूयॉर्क (JFK) और नेवार्क (EWR) से आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी है। नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी है कि इस तूफान का असर वाशिंगटन से लेकर न्यूयॉर्क और बोस्टन तक रहेगा, जहां लगभग 30 सेंटीमीटर तक बर्फ गिर सकती है। बोस्टन में पहले ही 'कोल्ड इमरजेंसी' घोषित कर दी गई है, और कनेक्टिकट व न्यूयॉर्क जैसे राज्यों में हाईवे पर यात्रा प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपनी टीमों को यात्रियों की पूरी मदद करने के निर्देश दिए है। यात्री किसी भी जानकारी के लिए 24x7 कॉल सेंटर +91 11 6932 9333 और +91 11 6932 9999 पर संपर्क कर सकते हैं। रद्द उड़ानों के लिए यात्रियों को रिफंड या अगली उपलब्ध फ्लाइट में बुकिंग का विकल्प दिया जाएगा।
एयर इंडिया मे यात्रियों के लिए जारी किया अलर्ट
एयरलाइन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर चेक कर लें। विशेष रूप से जो यात्री अमेरिका के अन्य शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले थे, वे अपनी यात्रा प्लानिंग को फिर से जांच लें।
अमेरिका में 'बर्फीली आफत' की क्या है ताजा स्थिति
अमेरिका की लगभग आधी आबादी इस समय बर्फीले तूफान, ओलावृष्टि और कड़ाके की ठंड की चपेट में है। तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि बर्फ की परतों के कारण होने वाला नुकसान किसी 'हरिकेन' के बराबर विनाशकारी हो सकता है। खराब विजिबिलिटी और सड़कों पर जमी बर्फ के कारण विमानन सेवाओं के साथ-साथ सड़क यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।