पाकिस्तान सेना पर बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों का कहर टूट पड़ा है। बीते दिनों BLA के विद्रोहियों ने एक के बाद एक 12 शहरों पर हमला बोला। इन हमलों में 80 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है, जिससे पाकिस्तानी सरकार और सेना दोनों बुरी तरह से हिली हुई हैं। वहीं अब बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने अपने दो हमलावरों की तस्वीरें भी जारी की हैं। खास बात यह है कि दोनों हमलावर महिलाएं थीं। इनमें से एक की पहचान 24 साल की आसिफा मेंगल के रूप में हुई है तो दूसरी की पहचान हवा बलोच के रूप में हुई है।
बीते दिनों पाकिस्तान में हुए इन हमलों में करीब 80 लोगों की मौत हुई है, जिनमें कम से कम 17 सुरक्षाकर्मी शामिल थे। इसके जवाब में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की। सरफराज बुगती के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने करीब 40 घंटे तक चले ऑपरेशन में अब तक 140 से ज्यादा विद्रोहियों को मारने का दावा किया है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी बताया कि इन दो हमलों में महिला हमलावर शामिल थीं। BLA ने अपने बयान में कहा कि, आसिफा मेंगल, मोहम्मद इस्माइल की बेटी थी और बलूचिस्तान के नुश्की इलाके की रहने वाली थी। उसका जन्म 2 अक्टूबर 2002 को हुआ था। संगठन के अनुसार, वह अपने 21वें जन्मदिन पर BLA की मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थी। BLA ने यह भी दावा किया कि आसिफा मेंगल ने जनवरी 2024 में आत्मघाती हमलावर बनने का फैसला किया था और शनिवार को नुश्की में ISI के मुख्यालय को निशाना बनाने वाला हमला उसी ने किया था।
इस बीच, दूसरी महिला हमलावर हवा बलोच है। उसका एक वीडियो सामने आया है, जो हमले से पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में वह अपने पुरुष साथियों के साथ दिखाई देती है, जो बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) से जुड़े बताए जा रहे हैं। वीडियो में महिला हमलावर पाकिस्तानी सरकार का मजाक उड़ाती नजर आती है और हथियार पकड़े हुए हंसती हुई दिखती है। वह दावा करती है कि सरकार आम लोगों पर ही ताकत दिखाती है और सीधे मुकाबला करने में सक्षम नहीं है। इसके अलावा, वह वीडियो में बलूच समुदाय से एकजुट होने की अपील करती है। वह कहती है कि बलूच लोगों को एक साथ खड़े होना चाहिए और अपने लड़ाकों का साथ देना चाहिए।
यह हमला पाकिस्तान के उस प्रांत में हुआ है, जिसकी सीमा अफगानिस्तान और ईरान से लगती है। इसे हाल के वर्षों के सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है। पाकिस्तान के जूनियर मंत्री तलल चौधरी ने बताया कि हमलावर आम नागरिकों जैसे कपड़े पहनकर स्कूलों, बैंकों, बाज़ारों और अस्पतालों में घुस गए और वहां अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। ये हमले शुक्रवार रात शुरू हुए और शनिवार तक चलते रहे। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने बताया कि नुश्की, हब, चमन, नसीराबाद, ग्वादर और मकरान समेत कई इलाकों से हमलों की खबरें आई हैं। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को पहले से इस तरह के हमलों की योजना की जानकारी थी। इसी वजह से सुरक्षा बल समय रहते जवाबी कार्रवाई कर पाए।
बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने शनिवार को दावा किया कि उसने अपने ऑपरेशन ‘हेरोफ’ (काला तूफान) का दूसरा फेज शुरू कर दिया है। संगठन का कहना है कि इस चरण में पूरे बलूचिस्तान में सुरक्षा बलों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि सुरक्षा बलों ने आतंकियों की सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया है। सेना के मुताबिक, किसी भी शहर या अहम रणनीतिक ठिकाने पर आतंकियों को कब्ज़ा नहीं करने दिया गया। बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे गरीब प्रांत माना जाता है। यहां पिछले कई दशकों से हिंसा और विद्रोह की स्थिति बनी हुई है। बलूच अलगाववादी संगठन आज़ादी की मांग कर रहे हैं और अपने क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों में ज़्यादा हिस्सेदारी चाहते हैं।