बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन होते ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारत और बांग्लादेश के रिश्तों को फिर से सामान्य करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। दिल्ली में बांग्लादेश हाई कमीशन ने शुक्रवार को भारतीय नागरिकों के लिए पूरी वीजा सर्विस ऑफिशियली फिर से शुरू कर दी। यह फैसला तारिक रहमान के बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने के ठीक तीन दिन बाद आया है। दो महीने पहले इन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था।
दिसंबर में बंद हुईं थी सेवाएं
यह फैसला ऐसे समय आया है जब तारीक रहमान ने हाल ही में बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली है। माना जा रहा है कि यह कदम दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और रिश्ते सुधारने की शुरुआत है। इससे एक दिन पहले एक वरिष्ठ भारतीय कांसुलर अधिकारी ने भी कहा था कि भारत जल्द ही बांग्लादेश में अपनी सभी वीजा सेवाएं बहाल करेगा। दरअसल, दिसंबर में दोनों देशों ने कांसुलर और वीजा सेवाएं रोक दी थीं। यह फैसला भारत विरोधी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद लिया गया था। उनकी मौत के बाद बांग्लादेश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें भारत विरोधी नारे भी लगे। रिपोर्टों के मुताबिक, इस दौरान कई हिंदुओं को निशाना बनाया गया और हिंसा की घटनाएं हुईं। इससे दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव काफी बढ़ गया था। अब वीज़ा सेवाएं फिर से शुरू होने को रिश्तों में सुधार की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
सत्ता परिवर्तन के बाद बदले हालात
ढाका में सत्ता परिवर्तन के बाद हालात बदलते नजर आ रहे हैं। मोहम्मद यूनुस के पद छोड़ने और तारीक रहमान के जिम्मेदारी संभालने के बाद भारत-बांग्लादेश रिश्तों में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने शुक्रवार सुबह से काउंसलर सेवाएं दोबारा शुरू कर दी हैं। अब भारतीय नागरिकों के लिए सभी तरह की वीज़ा सेवाएं फिर से उपलब्ध हैं।
दिसंबर में जब सेवाएं रोकी गई थीं, तब बिज़नेस और वर्क वीज़ा को बंद नहीं किया गया था। लेकिन अब मेडिकल, टूरिस्ट और बाकी सभी कैटेगरी की वीज़ा सेवाएं भी फिर से शुरू कर दी गई हैं।
इस कदम को दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
भारत भी वीजा सेवाएं फिर से शुरू करेगा
गुरुवार को सिलहट में भारत के वरिष्ठ कांसुलर अधिकारी अनिरुद्ध दास ने बांग्लादेशी मीडिया को बताया कि, बांग्लादेशी नागरिकों के लिए सभी तरह की भारतीय वीजा सेवाएं दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मेडिकल और डबल-एंट्री वीज़ा जारी किए जा रहे हैं। ट्रैवल वीजा समेत बाकी श्रेणियों की सेवाएं भी जल्द शुरू कर दी जाएंगी। उनके मुताबिक, “बहुत जल्द भारतीय वीजा प्रक्रिया पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।” इसे दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की शुरुआती निशानी माना जा रहा है। इस हफ्ते की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से तारीक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने रहमान से मुलाकात भी की और पीएम मोदी का एक पत्र सौंपा, जिसमें उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया गया है। अब देखना यह होगा कि क्या रहमान प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए दिल्ली को चुनते हैं, जैसा पहले परंपरा रही है। पिछले साल मोहम्मद युनूस ने अपनी पहली यात्रा चीन की की थी, जिससे दिल्ली में नाराजगी देखी गई थी।