Bangladesh Unrest: उस्मान हादी की हत्या के बाद बांग्लादेश में एक और युवा नेता पर हमला, सरेआम सिर में मारी गोली

Bangladesh Unrest: शरीफ उस्मान बिन हादी की हत्या के कुछ दिनों बाद सोमवार (22 दिसंबर) को बांग्लादेश में एक और युवा नेता को गोली मार दी गई। युवा नेता की पहचान बांग्लादेश नेशनल सिटिजन पार्टी के खुलना डिवीजनल चीफ मोतालेब सिकदर के रूप में हुई है। उन्हें सिर में गोली मारी गई है

अपडेटेड Dec 22, 2025 पर 2:22 PM
Story continues below Advertisement
Bangladesh Unrest: बांग्लादेश के चर्चित कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या के बाद उनकी पार्टी के एक और नेता के सिर में गोली मार दी गई है

Bangladesh Unrest: बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच पिछले साल जुलाई में हुए विद्रोह के प्रमुख नेताओं में से एक शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद उनकी पार्टी के एक और युवा नेता को गोली मारने की खबर सामने आई है। पुलिस और पार्टी अधिकारियों ने बताया कि सोमवार (22 दिसंबर) सुबह खुलना में नेशनल सिटीजन्स पार्टी (NCP) के एक सीनियर लेबर विंग लीडर को गोली मार दी गई। पीड़ित की पहचान मोहम्मद मोतालेब शिकदार (42) के रूप में हुई है।

मोहम्मद मोतालेब शिकदार NCP से जुड़े लेबर संगठन जातीय श्रमिक शक्ति उर्फ ​​नेशनल सिटीजन्स पार्टी (NCP) के प्रमुख नेता हैं। उन्हें खुलना शहर के सोनाडांगा इलाके में एक घर में सुबह करीब 11:45 बजे (स्थानीय समय) गोली मारी गई।

पार्टी की जॉइंट मेंबर सेक्रेटरी डॉ. महमूद मितु ने घायल नेता की एक फोटो शेयर करते हुए फेसबुक पर लिखा, "NCP खुलना डिविजनल चीफ और NCP के लेबर विंग श्रमिक शक्ति के सेंट्रल ऑर्गनाइजर मोतालेब शिकदार को कुछ देर पहले गोली मार दी गई। उन्हें गंभीर हालत में खुलना मेडिकल ले जाया गया है।" मनीकंट्रोल हिंदी इस तस्वीर की सच्चाई की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।


सिकदर के सिर के बाईं ओर गोली लगी थी। उन्हें एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। 32 साल के हादी इंकलाब मंच के फाउंडर थे, जिन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों में अहम भूमिका निभाई थी। इसके कारण उनकी सरकार गिर गई थी।

हादी 12 फरवरी को होने वाले संसदीय चुनावों में चुनाव लड़ने की योजना बना रहे थे। इस महीने की शुरुआत में ढाका में कैंपेन कर रहे थे, तभी उन्हें सिर में गोली मार दी गई। हादी को एक हॉस्पिटल ले जाया गया। लेकिन बाद में उन्हें सिंगापुर शिफ्ट कर दिया गया, जहां पिछले हफ्ते उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद पूरे बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसक विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि हादी के हत्यारे भारत भाग गए हैं। उन्होंने उनकी तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। हालांकि, बांग्लादेश पुलिस ने कहा है कि उनके पास हत्यारों के ठिकाने के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है।

रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एडिशनल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) खांडेकर रफीकुल इस्लाम ने कहा, "हमारे पास फैसल के आखिरी ठिकाने के बारे में कोई खास जानकारी नहीं है। हमारी फोर्स और इंटेलिजेंस एजेंसियां ​​इसे हासिल करने के लिए काम कर रही हैं।"

इस बीच, हादी का अंतिम संस्कार शनिवार को चीफ एडवाइजर मुहम्मद यूनुस की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच किया गया। यूनुस ने हादी के हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया। साथ ही युवा नेता की तारीफ करते हुए कहा कि बांग्लादेश उनके आदर्शों को कभी नहीं भूलेगा।

ये भी पढ़ें- Bangladesh News: बांग्लादेश में हिंसा से बिगड़े हालात! दीपू चंद्र के बाद एक और हिंदू युवक पर जानलेवा हमला, अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की मांग तेज

यूनुस ने कहा, "कोई भी आपको वहाँ से नहीं हटा सकता। आज लाखों लोग लहरों की तरह इकट्ठा हुए हैं। जबकि पूरे बांग्लादेश और विदेशों में रहने वाले करोड़ों बांग्लादेशी इस पल का इंतजार कर रहे हैं कि हादी के बारे में सुनें। हम आपसे एक वादा करने आए हैं कि आपने हमसे जो कहा हम उसे पूरा करेंगे। न सिर्फ हम, बल्कि बांग्लादेश की पीढ़ी दर पीढ़ी के लोग इस वादे को पूरा करेंगे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।