Australia Shooting: ऑस्ट्रेलिया में फिर हुआ हमला, न्यू साउथ वेल्स में गोलीबारी..3 लोगों की मौत

पुलिस के मुताबिक, सिडनी से करीब 600 किलोमीटर पश्चिम स्थित लेक कार्गेलिगो शहर में दोपहर बाद फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को मौके पर भेजा गया। वहां दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य पुरुष को गंभीर लेकिन स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 4:27 PM
Story continues below Advertisement
ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर गोलीबारी हुई है।

ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर गोलीबारी हुई है। बता दें कि गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स राज्य में हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। बता दें कि ये हमला उस दिन हुआ जब ऑस्ट्रेलिया में बोंडी बीच पर यहूदी सभा पर हुए आतंकी हमले के पीड़ितों को याद करने के लिए राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया जा रहा था। इस बीच खबरें आईं कि गोली चलाने वाला व्यक्ति अभी फरार है, जिसके बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।

फायरिंग में तीन लोगों की मौत

पुलिस के मुताबिक, सिडनी से करीब 600 किलोमीटर पश्चिम स्थित लेक कार्गेलिगो शहर में दोपहर बाद फायरिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी सेवाओं को मौके पर भेजा गया। वहां दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य पुरुष को गंभीर लेकिन स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने बताया कि लेक कार्गेलिगो में फिलहाल पुलिस का ऑपरेशन चल रहा है। पुलिस ने लोगों से उस इलाके से दूर रहने की अपील की है और स्थानीय निवासियों को अपने घरों के अंदर रहने को कहा है।


सामने आई ये बड़ी जानकारी

स्थानीय राज्य संसद के विधायक रॉय बटलर ने इस घटना को “बहुत डरावनी स्थिति” बताया। उन्होंने कहा कि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ पाई है। साथ ही उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शक है कि संदिग्ध बंदूकधारी शहर में ही कहीं छिपा हुआ है और उसके पास लंबी दूरी तक मार करने वाला हथियार हो सकता है।

 बोंडी बीच पर हुआ था हमला

यह गोलीबारी बोंडी बीच पर हुए उस बड़े हमले के करीब एक महीने बाद हुई है, जब यहूदी त्योहार हनुक्का के एक कार्यक्रम में दो बंदूकधारियों ने फायरिंग की थी। उस हमले में 15 लोगों की जान गई थी और इसे दशकों में ऑस्ट्रेलिया की सबसे भयावह सामूहिक गोलीबारी माना गया था। उस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया ने इस हफ्ते नए कानून पास किए हैं। इन कानूनों के तहत देशभर में बंदूकें वापस खरीदने (गन बायबैक) की योजना लागू की जाएगी और हथियारों के लाइसेंस के लिए बैकग्राउंड जांच को और सख्त किया गया है। वहीं न्यू साउथ वेल्स—जहां देश के किसी भी राज्य से ज्यादा हथियार हैं—ने भी नए नियम बनाए हैं। इन नियमों के अनुसार, कोई भी व्यक्ति अधिकतम चार बंदूकें ही रख सकता है और लाइसेंस धारकों के लिए गन क्लब की सदस्यता लेना अनिवार्य होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।