Bondi Beach Attack: सिडनी हमले के शूटरों का 'फिलीपींस कनेक्शन', भारतीय पासपोर्ट पर मिलिट्री ट्रेनिंग लेने गए थे बाप-बेटे!

Sydney Bondi Beach Attack: दोनों बंदूकधारियों ने हनुक्का कार्यक्रम में भाग ले रहे यहूदी समुदाय के लोगों को निशाना बनाया। हमले में 10 वर्षीय लड़की, एक ब्रिटिश मूल के रब्बी, एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और एक होलोकॉस्ट सर्वाइवर सहित कुल 15 लोग मारे गए थे

अपडेटेड Dec 16, 2025 पर 12:49 PM
Story continues below Advertisement
बॉन्डी बीच गोलीबारी से एक महीने पहले हमलावरों ने कथित तौर पर 'सैन्य-शैली प्रशिक्षण' लेने के लिए फिलीपींस की यात्रा की थी

Bondi Beach Attack: सिडनी के बॉन्डी बीच पर 15 लोगों की हत्या करने वाले हमलावरों के बारे में एक बड़ा खुलासा हुआ है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस के इमिग्रेशन अधिकारियों ने बताया है कि 50 वर्षीय साजिद अकरम और उसके 24 वर्षीय बेटे नवीद अकरम ने पिछले महीने फिलीपींस की यात्रा भारतीय पासपोर्ट पर की थी। फिलीपींस के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की कि पिता-पुत्र 1 नवंबर को सिडनी से फिलीपींस पहुंचे और 28 नवंबर को रवाना हुए।

बंदूक चलाने की ट्रेनिंग लेने गए थे फिलीपींस!

फिलीपींस के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन के मुताबिक, पिता-पुत्र की जोड़ी 1 नवंबर को सिडनी से फिलीपींस पहुंची थी और 28 नवंबर को रवाना हुई। साजिद और नवीद दोनों ने बताया कि वो दावाओ जाने वाले है। वे दावाओ से मनीला होते हुए सिडनी के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट से रवाना हुए थे। ABC न्यूज ने पहले बताया था कि बॉन्डी बीच गोलीबारी से एक महीने पहले हमलावरों ने कथित तौर पर 'सैन्य-शैली प्रशिक्षण' लेने के लिए फिलीपींस की यात्रा की थी।


न्यू साउथ वेल्स (NSW) पुलिस कमिश्नर माल लैन्योन ने पुष्टि की कि उन्होंने फिलीपींस की यात्रा की थी, लेकिन 'वे किस कारण से फिलीपींस गए थे और इसका उद्देश्य क्या था, इसकी जांच चल रही है।'

कौन थे आरोपी, किसे बनाया निशाना?

साजिद 1998 में स्टूडेंट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था और बाद में उसके पास निवासी वापसी वीजा था। उसे घटनास्थल पर ही गोली मार दी गई थी। लैन्योन ने बताया कि साजिद के पास मनोरंजन के लिए शिकार करने का हथियार लाइसेंस था और वह कानूनी रूप से छह बंदूकों का मालिक था, जिनमें से कई बॉन्डी लाए गए थे।

दोनों बंदूकधारियों ने हनुक्का कार्यक्रम में भाग ले रहे यहूदी समुदाय के लोगों को निशाना बनाया। हमले में 10 वर्षीय लड़की, एक ब्रिटिश मूल के रब्बी, एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और एक होलोकॉस्ट सर्वाइवर सहित कुल 15 लोग मारे गए थे।

हमलावरों का ISIS कनेक्शन

हमलावरों के पास से मिली सामग्री और उनके प्रोफाइल से उनके कट्टरपंथी इरादों का पता चलता है। CNN के अनुसार, आरोपी नवीद अकरम के नाम पर रजिस्टर्ड एक वाहन में दो ISIS झंडे पाए गए। वाहन में विस्फोटक उपकरण (IEDs) भी रखे हुए थे।प्रधानमंत्री अल्बनीज ने बताया कि 2019 में नवीद अकरम ऑस्ट्रेलियाई खुफिया एजेंसी के ध्यान में आया था। उस समय एजेंसी ने उससे और उसके परिवार के सदस्यों से पूछताछ की थी, लेकिन तब उसे 'संदिग्ध व्यक्ति के रूप में नहीं देखा गया था।'

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।