कनाडा में भारतीय मूल के लड़के की सनसनीखेज हत्या, पुलिस को गैंगवार का शक!
बर्नाबी पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे कनाडा वे के 3700 ब्लॉक इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक गंभीर हालत में मिला। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई
कनाडा में भारतीय युवक दिलराज सिंह गिल की सनसनीखेज हत्या
कनाडा के बर्नाबी शहर में गुरुवार को 28 साल के भारतीय मूल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस का कहना है कि यह हत्या गैंगवार से जुड़ी हो सकती है। मृतक की पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई है, जो वैंकूवर का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि दिलराज गिल पहले से पुलिस के रिकॉर्ड में था।
बर्नाबी पुलिस के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को शाम करीब 5:30 बजे कनाडा वे के 3700 ब्लॉक इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक गंभीर हालत में मिला। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
कुछ ही देर बाद पुलिस ने बक्सटन स्ट्रीट के 5000 ब्लॉक इलाके में एक जली हुई कार भी बरामद की। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या इस कार का गोलीबारी की घटना से कोई संबंध है।
पुलिस ने पुष्टि की है कि जली हुई गाड़ी का इस हत्या से सीधा संबंध है। अब इस मामले की जांच इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम कर रही है। पुलिस का कहना है कि यह गोलीबारी ब्रिटिश कोलंबिया (BC) में चल रहे गैंग संघर्ष से जुड़ी हो सकती है।
पुलिस अधिकारी फ्रेडा फोंग ने बताया कि हत्या की जांच के लिए बर्नाबी आरसीएमपी, फॉरेंसिक टीम और बीसी कोरोनर सर्विस मिलकर सबूत जुटा रही हैं।
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जगह पर गोलीबारी होना बेहद चिंताजनक है। इससे पूरे इलाके में डर का माहौल बनता है। जांच को आगे बढ़ाने और आरोपियों को पकड़ने के लिए चश्मदीदों और स्थानीय लोगों की जानकारी बहुत जरूरी है।”
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस इलाके की डैशकैम फुटेज या कोई जानकारी है, तो वह आगे आकर जांच में मदद करे।
एक दूसरी हत्या से संबंध!
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दिलराज सिंह गिल की हत्या का संबंध एक अन्य 28 साल के इंडो-कैनेडियन युवक नवप्रीत धालीवाल की हत्या से हो सकता है। नवप्रीत धालीवाल को इसी महीने की शुरुआत में एबॉट्सफोर्ड में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि धालीवाल का संबंध ब्रदर्स कीपर्स गैंग से था। माना जाता है कि यह गैंग यूएन (UN) गैंग की प्रतिद्वंद्वी है, जिससे दिलराज सिंह गिल का कथित तौर पर जुड़ाव बताया जा रहा है।
वैंकूवर सन की रिपोर्ट के मुताबिक, दिलराज गिल के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज थे। साल 2021 में उस पर ड्रग्स से जुड़े आरोप लगे थे, जबकि 2016 से जुड़े कुछ अन्य अपराधों के मामले भी उसके रिकॉर्ड में थे।
नवप्रीत धालीवाल का भी आपराधिक इतिहास था और वह पुलिस के लिए जाना-पहचाना नाम था। रिपोर्ट के अनुसार, उसकी मौत के समय वह जमानत पर बाहर था।
धालीवाल की हत्या के बाद IHIT की अधिकारी एस्थर टपर ने कहा था, “यह दिनदहाड़े की गई एक सुनियोजित और बेखौफ गोलीबारी थी।”
पुलिस के मुताबिक, साल 2022 के अंत में एबॉट्सफोर्ड पुलिस ने एक बड़े ड्रग तस्करी जांच अभियान की शुरुआत की थी, जिसमें नवप्रीत धालीवाल और एक अन्य व्यक्ति अनमोल संधू को निशाने पर लिया गया था। पुलिस ने दोनों को बीसी में चल रहे गैंग संघर्ष से जुड़ा बताया था और उन्हें सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना गया था।
फरवरी 2024 में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। उन पर हत्या की साजिश रचने, ड्रग तस्करी और हथियारों से जुड़े गंभीर आरोप लगाए गए थे।