Trump-Canada: चीन के साथ ट्रेड डील को लेकर ट्रंप के 100% टैरिफ की धमकी के बाद नरम पड़े मार्क कार्नी, बोलें- 'ऐसा कोई इरादा नहीं'

US-Canada News: ट्रंप का आरोप है कि कनाडा खुद को चीन के लिए एक 'पिछले दरवाजे' के रूप में इस्तेमाल करने दे रहा है ताकि चीनी सामान अमेरिकी बाजार में घुस सकें। उन्होंने कहा, 'अगर गवर्नर कार्नी को लगता है कि वे ऐसा कर पाएंगे, तो वे गलत हैं। 100% टैरिफ तुरंत लागू कर दिया जाएगा'

अपडेटेड Jan 26, 2026 पर 9:31 AM
Story continues below Advertisement
ट्रंप ने कनाडा को चेतावनी दी थी कि, 'चीन कनाडा को जिंदा निगल जाएगा और वहां के व्यवसायों व सामाजिक ताने-बाने को पूरी तरह नष्ट कर देगा'

Canadian PM Mark Carney: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कनाडा के नवनियुक्त प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। ट्रंप ने पिछले दिनों चेतावनी दी थी कि अगर कनाडा ने चीन के साथ कोई भी व्यापारिक समझौता किया, तो अमेरिका कनाडा से आने वाले सभी सामानों पर 100% टैरिफ लगा देगा। इस धमकी के जवाब में पीएम कार्नी ने स्पष्ट किया है कि कनाडा का चीन के साथ 'फ्री ट्रेड एग्रीमेंट' (FTA) करने का कोई इरादा नहीं है और वे केवल पुराने विवादों को सुलझा रहे हैं।

'कनाडा को जिंदा निगल जाएगा चीन'

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर कनाडा को कड़ी चेतावनी देते हुए कई पोस्ट किए। ट्रंप ने लिखा, 'चीन कनाडा को जिंदा निगल जाएगा और वहां के व्यवसायों व सामाजिक ताने-बाने को पूरी तरह नष्ट कर देगा।' ट्रंप का आरोप है कि कनाडा खुद को चीन के लिए एक 'पिछले दरवाजे' के रूप में इस्तेमाल करने दे रहा है ताकि चीनी सामान अमेरिकी बाजार में घुस सकें। उन्होंने कहा, 'अगर गवर्नर कार्नी को लगता है कि वे ऐसा कर पाएंगे, तो वे गलत हैं। 100% टैरिफ तुरंत लागू कर दिया जाएगा।' अमेरिका के ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेेंट ने भी साफ कर दिया है कि अमेरिका, कनाडा को चीनी सामानों के लिए रास्ता नहीं बनने देगा।


कार्नी ने 'बाय कैनेडियन' नीति का किया ऐलान

प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रंप की धमकियों के बीच एक वीडियो संदेश जारी कर कनाडाई संप्रभुता पर जोर दिया। कार्नी ने कहा, 'हमारा चीन के साथ मुक्त व्यापार समझौते का कोई इरादा नहीं है। हमने केवल टैरिफ के उन मुद्दों को ठीक किया है जो पिछले कुछ वर्षों में उभरे थे।' बाहरी दबाव को देखते हुए कार्नी ने नई नीति घोषित की, जिसमें कनाडाई लोगों से घरेलू सामान खरीदने का आग्रह किया गया। उन्होंने कहा, 'कनाडा अमेरिका के कारण जीवित नहीं है, बल्कि कनाडाई होने के नाते समृद्ध है।'

आपको बता दें कि, हाल ही में कनाडा ने चीन से आने वाली इलेक्ट्रिक कारों (EVs) पर सालाना 49,000 कारों की सीमा के साथ टैरिफ 100% से घटाकर 6.1% किया है, जिसके बदले में चीन ने कनाडाई कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम किए हैं।

ट्रंप और कार्नी में क्यों है टकराव जैसी स्थिति

अमेरिका और कनाडा के बीच वर्तमान कूटनीतिक कड़वाहट का मुख्य कारण व्यापारिक स्वायत्तता और क्षेत्रीय सुरक्षा पर मतभेद है। जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कनाडा को चीन के लिए एक 'पिछले दरवाजे' के रूप में देखते हैं और चीनी सामानों को रोकने के लिए 100% टैरिफ की धमकी दे रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इसे आर्थिक दबाव बताकर 'कनाडाई संप्रभुता' की रक्षा करने और अपनी 'बाय कैनेडियन' नीति के जरिए घरेलू उद्योगों को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। इसके अलावा, ग्रीनलैंड पर ट्रंप के दावे और कनाडाई विरोध, इस साल होने वाली CUSMA व्यापार समझौते की समीक्षा, और अमेरिकी रक्षा परियोजना 'गोल्डन डोम' पर असहमति ने दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को पिछले दो दशकों के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा दिया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।