Jeffrey Epstein Files: एपस्टीन फाइल्स के खुलासे से इस समय पूरी दुनिया में सनसनी मची हुई है। नए खुलासे के बाद दुनियाभर में कई बड़े अधिकारी और मंत्री माफी मांगते हुए अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। इसी बीच एपस्टीन फाइल्स से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सिलिकॉन वैली से लेकर वाशिंगटन तक खलबली मचा दी है। इस तस्वीर में दुनिया के दो सबसे ताकतवर टेक दिग्गज टेस्ला के मालिक एलॉन मस्क और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग एक डिनर टेबल पर साथ बैठे नजर आ रहे हैं।
जांच रिकॉर्ड के अनुसार, यह तस्वीर अगस्त 2015 की है, जिसे कुख्यात यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन ने खुद को ईमेल की थी। फाइलों में मौजूद ईमेल से पता चलता है कि 2 अगस्त 2015 को एपस्टीन ने लॉस एंजिल्स में 'मस्क और जुकरबर्ग' के साथ डिनर का शेड्यूल बनाया था, जिसमें निवेशक पीटर थिएल का नाम भी शामिल था।
ईमेल में मस्क के साथ पूरी बातचीत और 'प्राइवेट आइलैंड' का भी है जिक्र
इन खुलासों ने इसलिए तूल पकड़ लिया है क्योंकि इसमें केवल तस्वीरें ही नहीं, बल्कि विस्तृत ईमेल संवाद भी शामिल है। कुछ संदेशों में एलॉन मस्क को एपस्टीन के साथ यात्रा व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए दिखाया गया है, जिसमें 2012 में एपस्टीन के निजी कैरिबियन द्वीप के दौरे के बारे में सवाल पूछे गए थे। हालांकि, मस्क ने हमेशा यह रुख बनाए रखा है कि वे कभी उस द्वीप पर नहीं गए और न ही उन पर किसी तरह के अपराध का आरोप लगा है। हालांकि, दस्तावेजों में मस्क या जुकरबर्ग के किसी भी गलत काम में शामिल होने का कोई संकेत नहीं मिला है, लेकिन एपस्टीन जैसे अपराधी के साथ उनकी मौजूदगी ने सार्वजनिक बहस छेड़ दी है।
एपस्टीन से संबंध को लेकर बड़ी हस्तियों पर गिरती गाज
जेफ्री एपस्टीन की 2019 में जेल के भीतर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। राजनीति, व्यवसाय और शिक्षा जगत की प्रभावशाली हस्तियों के साथ संबंध रखने के लिए कुख्यात था। 'एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट' के तहत जारी इन लाखों पन्नों और वीडियो ने अमेरिका और यूरोप में एक राजनीतिक भूचाल ला दिया है। कई सार्वजनिक हस्तियों को अपनी पुरानी कड़ियों के कारण पूछताछ का सामना करना पड़ रहा है या अपने पदों से इस्तीफा देना पड़ रहा है। खासकर उन लोगों को जिनका संपर्क एपस्टीन की 2008 की पहली सजा के बाद भी बना रहा। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का उद्देश्य पूरी तरह पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।