Elon Musk: ईरान में जारी हिंसक विद्रोह के बीच एलॉन मस्क की बड़ी घोषणा, स्टारलिंक से 'फ्री' इंटरनेट देने का किया ऐलान

Starlink Free Internet Iran: ईरान में 8 जनवरी से जारी देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट को चुनौती देते हुए स्टारलिंक ने बड़े कदम उठाए है। रिपोर्टों के अनुसार, मस्क ने ईरानी यूजर्स के लिए सब्सक्रिप्शन शुल्क हटा दिया है और पहले से निष्क्रिय पड़े कनेक्शनों को दोबारा बहाल कर दिया है

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 11:43 AM
Story continues below Advertisement
ईरान में जारी विरोध प्रदर्शन अब तक के सबसे हिंसक दौर में पहुंच चुके है

Starlink: ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शनों और डिजिटल ब्लैकआउट के बीच एलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक प्रदर्शनकारियों के लिए एक 'लाइफलाइन' बनकर उभरी है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क ने ईरान में अपनी सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह 'फ्री' कर दिया है। यह कदम ईरानी शासन द्वारा सूचनाओं के प्रवाह को रोकने के लिए लगाए गए कड़े प्रतिबंधों और इंटरनेट शटडाउन को बाईपास करने के लिए उठाया गया है।

मस्क ने स्टारलिंक से 'फ्री इंटरनेट' का किया ऐलान

ईरान में 8 जनवरी से जारी देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट को चुनौती देते हुए स्टारलिंक ने बड़े कदम उठाए है। रिपोर्टों के अनुसार, मस्क ने ईरानी यूजर्स के लिए सब्सक्रिप्शन शुल्क हटा दिया है और पहले से निष्क्रिय पड़े कनेक्शनों को दोबारा बहाल कर दिया है। ईरानी सरकार द्वारा स्टारलिंक सिग्नल्स को 'जाम' करने की कोशिशों के जवाब में स्पेसएक्स की टीम ने सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किए है, ताकि सिग्नल और मजबूत हो सकें। हालांकि 92 मिलियन की आबादी वाले देश में यह सेवा अभी केवल कुछ लाख लोगों तक ही सीमित है।


ईरान में हिंसा के बाद 'डिजिटल ब्लैकआउट'

ईरान में प्रदर्शन अब तक के सबसे हिंसक दौर में पहुंच चुके हैं। अलग-अलग रिपोर्टों के अनुसार, इन प्रदर्शनों में 1,800 से लेकर 2,000 लोगों की जान जा चुकी है। ईरानी सुरक्षा बल अब घरों पर छापेमारी कर 'स्टारलिंक डिश' और 'CCTV फुटेज' जब्त कर रहे हैं। सरकार ने स्टारलिंक के इस्तेमाल को 'राष्ट्रीय सुरक्षा' के खिलाफ बताते हुए 10 साल तक की जेल का प्रावधान भी प्रस्तावित किया है।

'मदद भेजी जा रही है': डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मुद्दे पर एलॉन मस्क से फोन पर बात की है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर प्रदर्शनकारियों का खुलकर समर्थन किया है। ट्रंप ने लिखा, 'ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखें' अपने संस्थानों पर कब्जा करें! हत्यारों के नाम याद रखें, उन्हें भारी कीमत चुकानी होगी'। ट्रंप ने साफ कर दिया है कि जब तक प्रदर्शनकारियों की हत्याएं नहीं रुकतीं, वह ईरानी अधिकारियों के साथ कोई बातचीत नहीं करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।