Elon Musk: 'मरते दम तक सरकार को दूंगा 500 अरब डॉलर का टैक्स', एलॉन मस्क बोलें- 'सरकार से मिलना चाहिए ईनाम'

Elon Musk Tax Payment: मस्क की दौलत में हालिया उछाल उनकी रॉकेट कंपनी SpaceX और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फर्म xAI के विलय के कारण आया है। इस विलय के बाद बनी नई कंपनी की वैल्यू 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई है। इस नई कंपनी में मस्क की 43% हिस्सेदारी है, जिसकी कीमत लगभग 542 अरब डॉलर है

अपडेटेड Feb 22, 2026 पर 2:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इस महीने मस्क की कुल संपत्ति 852 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है

Elon Musk: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलॉन मस्क ने अपनी वित्तीय विरासत को लेकर एक चौंकाने वाला दावा किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए मस्क ने कहा कि वे अपने पूरे जीवनकाल में 500 अरब डॉलर यानी करीब ₹41.5 लाख करोड़ से ज्यादा का टैक्स चुकाएंगे। यह बयान तब आया है जब इसी महीने मस्क की कुल संपत्ति 852 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।

इतिहास के सबसे बड़े टैक्सपेयर

एक वीडियो का जवाब देते हुए मस्क ने खुद को इतिहास का सबसे बड़ा व्यक्तिगत करदाता बताया। उन्होंने मजाक में कहा, वे अब तक 10 अरब डॉलर से ज्यादा का टैक्स भर चुके हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, 'मुझे लगा था कि शायद अमेरिकी टैक्स विभाग मुझे कोई छोटी सी ट्रॉफी भेजेगा। जैसे बच्चों को कराटे प्रतियोगिता जीतने पर मिलती है, वैसे ही कोई सस्ती सी चीज... लेकिन मुझे कुछ नहीं मिला।'


SpaceX और xAI के विलय से संपत्ति में भारी उछाल

मस्क की दौलत में हालिया उछाल उनकी रॉकेट कंपनी SpaceX और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फर्म xAI के विलय के कारण आया है। इस विलय के बाद बनी नई कंपनी की वैल्यू 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई है। इस नई कंपनी में मस्क की 43% हिस्सेदारी है, जिसकी कीमत लगभग 542 अरब डॉलर है। इसी डील की वजह से एक ही दिन में उनकी नेटवर्थ में 84 अरब डॉलर का इजाफा हुआ।

दुनिया के पहले 'ट्रिलियनेयर' बनने की राह पर

मस्क की संपत्ति अभी और तेजी से बढ़ सकती है। टेस्ला के शेयरधारकों ने हाल ही में उनके लिए एक विशेष 'मार्क शॉट' पे-पैकेज को मंजूरी दी है। अगर टेस्ला अगले दशक में तय किए गए ग्रोथ टारगेट को पूरा कर लेती है, तो मस्क को बोनस के रूप में 1 ट्रिलियन डॉलर के शेयर मिल सकते हैं। टेस्ला में मस्क की 12% हिस्सेदारी है जिसकी कीमत 178 अरब डॉलर है, साथ ही उनके पास 124 अरब डॉलर के स्टॉक ऑप्शंस भी मौजूद हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।