Elon Musk: वेनेजुएला संकट पर एलॉन मस्क का बड़ा दांव, एक महीने के लिए फ्री किया स्टारलिंक का इंटरनेट; डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं कार्यवाहक राष्ट्रपति

Elon Musk On Venezuela: वेनेजुएला में चल रहे सैन्य अभियान और राजनीतिक अस्थिरता के कारण कई इलाकों में इंटरनेट और बिजली गुल है। इसी के मद्देनजर स्टारलिंक ने ऐलान किया है कि वह 3 फरवरी, 2026 तक वेनेजुएला में मुफ्त ब्रॉडबैंड सर्विसेज प्रदान करेगी

अपडेटेड Jan 04, 2026 पर 3:40 PM
Story continues below Advertisement
मस्क ने मादुरो की गिरफ्तारी पर भी खुशी जताते हुए कहा कि अब वेनेजुएला को वह समृद्धि मिल सकती है जिसका वह हकदार है

Elon Musk Starlink: वेनेजुएला में तख्तापलट और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद पूरी दुनिया में राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। इन सब के बीच दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलॉन मस्क ने एक बड़ा कदम उठाया है। मस्क ने वेनेजुएला के लोगों को मुफ्त हाई-स्पीड इंटरनेट देने का ऐलान किया है, ताकि संकट की इस घड़ी में वहां के नागरिक दुनिया से जुड़े रह सकें। दूसरी ओर, वेनेजुएला के सुप्रीम कोर्ट ने सत्ता के शून्य को भरने के लिए उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को कार्यवाहक राष्ट्रपति नियुक्त कर दिया है।

मस्क ने 3 फरवरी तक इंटरनेट किया फ्री

वेनेजुएला में चल रहे सैन्य अभियान और राजनीतिक अस्थिरता के कारण कई इलाकों में इंटरनेट और बिजली गुल है। स्टारलिंक ने ऐलान किया है कि वह 3 फरवरी, 2026 तक वेनेजुएला में मुफ्त ब्रॉडबैंड सर्विसेज प्रदान करेगी। मस्क ने 'X' पर लिखा, 'वेनेजुएला के लोगों के समर्थन में।' इसके साथ ही उन्होंने मादुरो की गिरफ्तारी पर भी खुशी जताते हुए कहा कि अब वेनेजुएला को वह समृद्धि मिल सकती है जिसका वह हकदार है।


वेनेजुएला सुप्रीम कोर्ट का आदेश, अब डेल्सी संभालेंगी कमान

राष्ट्रपति मादुरो के अमेरिका की हिरासत में होने के बाद देश में नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया था, जिसे कोर्ट ने सुलझाने की कोशिश की है। सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश तानिया डी'अमेलियो ने सरकारी टीवी पर घोषणा की कि डेल्सी रोड्रिग्ज अब राष्ट्रपति की शक्तियों और कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। कोर्ट ने कहा कि मादुरो वर्तमान में अपनी जिम्मेदारियां निभाने में 'भौतिक और अस्थायी रूप से असमर्थ' हैं, इसलिए संविधान के अनुसार उपराष्ट्रपति को कार्यभार सौंपा गया है।

न्यूयॉर्क में मादुरो का 'पर्प वॉक'

अमेरिकी अधिकारियों ने निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद का एक वीडियो जारी किया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मादुरो को हथकड़ी लगाकर न्यूयॉर्क के DEA दफ्तर ले जाते हुए देखा जा सकता है। कस्टडी में होने के बावजूद मादुरो मुस्कुराते हुए वहां मौजूद पत्रकारों और ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी (DEA) के एजेंटों को 'हैप्पी न्यू ईयर और गुड नाइट' कहते नजर आए। उन पर नार्को-टेररिज्म और हथियारों के अवैध इस्तेमाल के आरोप हैं।

ट्रंप के एक्शन पर जॉन बोल्टन का बड़ा खुलासा

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) जॉन बोल्टन ने CNN को बताया कि मादुरो को हटाने की योजना नई नहीं है। बोल्टन के अनुसार, ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान भी मादुरो को सत्ता से बेदखल करने की योजना पेश की गई थी। बोल्टन ने दावा किया कि उस समय यह योजना इसलिए सफल नहीं हो सकी क्योंकि अधिकारी राष्ट्रपति ट्रंप को इस मुद्दे पर 'फोकस्ड' नहीं रख पाए थे। ट्रंप उस वक्त वेनेजुएला के तेल में बहुत रुचि रखते थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।