Fire At Davos: दावोस में फायर अलार्म से मचा हड़कंप, ट्रंप के भाषण के बाद कांग्रेस सेंटर में लगी आग; भागते नजर आए प्रतिनिधि

Fire At Davos: इतालवी पत्रकार लिली ग्रुबर ने बताया कि उस दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण थी। उन्होंने कहा, 'हमें अपना सामान अंदर ही छोड़कर तुरंत बाहर निकलने को कहा गया। ऊपर हेलीकॉप्टर उड़ रहे हैं और पूरा इलाका दमकलकर्मियों से भरा हुआ है'

अपडेटेड Jan 22, 2026 पर 7:43 AM
Story continues below Advertisement
सेंटर के अंदर मौजूद लोगों ने अचानक धुएं की तेज गंध महसूस की, जिससे कई प्रतिनिधियों को सांस लेने में दिक्कत और खांसी होने लगी

Fire In Congress Centre Davos: वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के आयोजन स्थल दावोस के कांग्रेस सेंटर में बुधवार देर रात अचानक अफरा-तफरी मच गई। इसकी वजह थी वहां आग लगने की खबर, जिसके बाद पूरे परिसर को आनन-फानन में खाली कराना पड़ा और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। हवा में धुएं की गंध फैल गई जिससे लोगों को खांसी आने लगी।

क्या हुआ था?

सेंटर के अंदर मौजूद लोगों ने अचानक धुएं की तेज गंध महसूस की, जिससे कई प्रतिनिधियों को सांस लेने में दिक्कत और खांसी होने लगी। अग्निशमन दल और धुएं से निपटने वाली विशेषज्ञ टीमों ने मौके पर इमरजेंसी रिस्पांस करते हुए जांच शुरू की। शुरुआती जांच के मुताबिक, आग सेंटर के पास स्थित एक होटल परिसर की लकड़ी की झोपड़ी में लगी थी, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। एहतियात के तौर पर पूरे सम्मेलन केंद्र को खाली करा लिया गया था।


कुछ देर पहले ही ट्रंप ने दिया था भाषण

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर चिंताएं जताई जा रही थीं, लेकिन व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना के समय ट्रंप कांग्रेस सेंटर से निकल चुके थे। यह हादसा ट्रंप के उस चर्चित भाषण के कुछ ही घंटों बाद हुआ, जिसमें उन्होंने ग्रीनलैंड को लेकर एक 'बड़े समझौते' की घोषणा की थी।

आग की घटना से कुछ ही समय पहले ट्रंप ने NATO महासचिव मार्क रुट के साथ बैठक के बाद घोषणा की थी कि वे ग्रीनलैंड को लेकर एक 'हमेशा के लिए रहने वाले' समझौते के करीब हैं। उन्होंने टैरिफ की धमकियों को कम करते हुए खनिज और सुरक्षा के लिहाज से इसे अमेरिका के लिए एक बड़ी जीत बताया।

पत्रकारों ने बताया आंखों देखा हाल?

इतालवी पत्रकार लिली ग्रुबर ने बताया कि स्थिति काफी तनावपूर्ण थी। उन्होंने कहा, 'हमें अपना सामान अंदर ही छोड़कर तुरंत बाहर निकलने को कहा गया। ऊपर हेलीकॉप्टर उड़ रहे हैं और पूरा इलाका दमकलकर्मियों से भरा हुआ है।' हालांकि, बाद में फॉक्स न्यूज के रिपोर्टर एडवर्ड लॉरेंस ने पुष्टि की कि स्थिति अब नियंत्रण में है और निकासी की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।