US Iran Conflict: अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमले किए, जिनमें परमाणु ठिकानों, मिसाइल कंद्रों और तेहरान में बड़े नेताओं को निशाना बनाया गया। इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और कई कमांडरों की मौत हो गई। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमला किया। पश्चिमी देशों के सैन्य ठिकानों और उनके सहयोगी देशों में कुछ आम इमारतों को निशाना बनाया गया। लड़ाकू विमान दुर्घटना से लेकर ड्रोन हमलों तक, बढ़ते संघर्ष ने कई चौंकाने वाली घटनाओं को जन्म दिया है।
अब तक के संघर्षों के 5 चौंकाने वाले पल:
1) रियाद में अमेरिकी दूतावास पर हमला: मंगलवार को रियाद में अमेरिकी दूतावास पर ईरानी ड्रोनों ने हमला किया, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। रिपोर्टों के अनुसार, दूतावास में एक जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें दिखाई दीं। रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर, जहां विदेशी दूतावास स्थित हैं, के ऊपर काला धुआं उठता देखा गया।
2) बहरीन की एक ऊंची इमारत पर ड्रोन हमला: बहरीन के मनामा से एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें ईरान का ‘शाहेद’ ड्रोन एक रिहायशी ऊंची इमारत Era Views Tower की ऊपरी मंजिलों से टकरा गया। CNN के अनुसार, यह आवासीय इमारत अमेरिकी नौसेना के बेस से लगभग एक मील दूर है।
3) दुबई के पाम जुमेराह पर हमला: एक आत्मघाती ड्रोन ने दुबई के पाम जुमेराह पर हमला किया, जो खाड़ी में इंसानों द्वारा बनाया गया एक द्वीप है, और जिसमें सैंकड़ों आलीशान विला और होटल हैं। दुबई मीडिया ऑफिस ने बताया, "दुबई अधिकारियों ने पुष्टि की है कि पाम जुमेराह क्षेत्र में एक इमारत में घटना घटी है। आपातकालीन प्रतिक्रिया दल तुरंत तैनात किए गए और घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है। दुबई सिविल डिफेंस ने पुष्टि की है कि आग पर अब काबू पा लिया गया है।"
4) दोहा में मिसाइल हमला: कतर की राजधानी दोहा पर भी हमला हुआ। वायरल हुए एक वीडियो में मिसाइल जमीन पर गिरकर फटती हुई दिखाई दी, जिसमें घबराए हुए नागरिक आग और धुएं से बचने के लिए भागते नजर आए।
5) कुवैत में विमान दुर्घटनाग्रस्त: एक अमेरिकी लड़ाकू विमान के जमीन की ओर गिरते हुए का वीडियो वायरल हो गया। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "आज सुबह कई अमेरिकी युद्धक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। पुष्टि हो गई है कि सभी क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।" उन्होंने आगे कहा, "अधिकारियों ने तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, सभी क्रू मेंबर को निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जांच और इलाज किया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।"