Nikki Haley: अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली ने कहा है कि भारत को चीन जैसा दुश्मन नहीं मानना चाहिए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा है कि भारत एक 'अच्छा और भरोसेमंद दोस्त' है। दरअसल पिछले दिनों ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर एक्सट्रा टैक्स लगाने की बात कही थी। इस पर हेली ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा हैं कि, 'यह एक बहुत बड़ी गलती होगी'।
'भारत आगे बढ़ रहा है और यह दुनिया के लिए कोई खतरा नहीं है'
पूर्व अमेरिकी राजनयिक हेली ने ट्रंप की उस घोषणा पर सवाल उठाए, जिसमें भारत पर 50% टैरिफ लगाने की बात कही गई थी। उन्होंने पूछा कि चीन, जो रूस से सबसे ज्यादा तेल खरीदता है, उस पर कोई टैक्स क्यों नहीं लगाया गया? हेली ने साफ-साफ कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है और यह पूरी दुनिया के लिए कोई खतरा नहीं है। जबकि चीन की ताकत का बढ़ना बाकी देशों के लिए खतरनाक हो सकता है।
भारत क्यों अमेरिका का है सबसे खास दोस्त?
निक्की हेली ने बताया कि भारत से दोस्ती करना अमेरिका के लिए बहुत जरूरी है। इसके पीछे उन्होंने कई खास कारण गिनाए हैं:
चीन को रोकना: चीन की बढ़ती ताकत को रोकने के लिए भारत, अमेरिका का एक महत्वपूर्ण साथी है। भारत और अमेरिका मिलकर चीन का सामना कर सकते है।
चीन की बजाय भारत से हो ज्यादा इंपोर्ट: अमेरिका अपनी जरूरी चीजें चीन से कम खरीदकर भारत से इंपोर्ट कर सकता है। भारत में कपड़े, सस्ते फोन और सोलर पैनल जैसी चीजें बड़े पैमाने पर बनाई जा सकती हैं।
बढ़ेगी शांति: मध्य-पूर्व के देशों में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है, जिससे वहां शांति बनाए रखने में मदद मिलेगी। इससे अमेरिका को इन इलाकों में अपनी सेना कम करने का मौका मिलेगा।
'जल्दी खत्म हो टैरिफ का मामला'
हेली ने कहा कि दोनों देशों को मिलकर इस समस्या को सुलझाना चाहिए। उन्होंने ट्रंप से कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे बात करें ताकि यह मामला जल्दी खत्म हो सके। हेली का मानना है कि अमेरिका को भारत के साथ अपने रिश्ते को उतना ही खास समझना चाहिए, जितना वह चीन या इजराइल जैसे देशों के साथ रखता है।