Indian Student Dead In US: कैलिफोर्निया में लापता भारतीय छात्र का मिला शव! कर्नाटक के रहने वाले साकेत श्रीनिवासैया के साथ क्या हुआ?

Indian Student Dead In US: कर्नाटक का एक 22 साल का भारतीय स्टूडेंट अमेरिका के कैलिफोर्निया में मृत पाया गया है। साकेत श्रीनिवासैया बर्कले में स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री कर रहा था। वह 9 फरवरी को कैंपस से लगभग एक किलोमीटर दूर देखे जाने के बाद लापता हो गया था

अपडेटेड Feb 15, 2026 पर 9:04 AM
Story continues below Advertisement
Indian Student Dead In US: कर्नाटक का स्टूडेंट साकेत श्रीनिवासैया लापता होने के 6 दिन बाद कैलिफोर्निया में मृत पाया गया है

Indian Student Dead In US: अमेरिका के कैलिफोर्निया में लापता हुए 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया का शव बरामद हुआ है। कर्नाटक का रहने वाला 22 वर्षीय भारतीय स्टूडेंट श्रीनिवासैया लापता होने की रिपोर्ट के छह दिन बाद कैलिफोर्निया में मृत पाया गया है। अधिकारियों ने रविवार (15 फरवरी) को इसकी पुष्टि की। वह 9 फरवरी को कैंपस से लगभग एक किलोमीटर दूर देखे जाने के बाद लापता हो गया था।

कर्नाटक सरकार ने कैलिफोर्निया में लापता हुए राज्य के छात्र साकेत श्रीनिवासैया के मामले में केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में बताया गया कि मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिसरी को पत्र लिखकर इस मामले में तुरंत सहायता का अनुरोध किया है।

अपने पत्र में शालिनी रजनीश ने कहा कि वह एक युवा भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के मामले की ओर ध्यान आकर्षित कर रही हैं, जो बर्कले में लापता बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि साकेथ वर्तमान में बर्कले में स्थित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में केमिकल और बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री कर रहा था।


पत्र में कहा गया है कि परिवार और उनके साथ रहने वाले व्यक्ति से मिली जानकारी के अनुसार, बर्कले पुलिस विभाग में औपचारिक शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। मामले की गंभीरता और कर्नाटक में रह रहे परिवार की बढ़ती चिंता को देखते हुए राज्य सरकार ने केंद्र से सक्रिय हस्तक्षेप का अनुरोध किया था।

इससे पहले छात्र के परिवार ने कर्नाटक सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। साकेथ के पिता श्रीनिवासैया ने बताया था कि उनके बेटे के साथ रहने वाले व्यक्ति ने सभी संभावित स्थानों पर तलाश करने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

उन्होंने कहा कि पुलिस सक्रिय रूप से जांच कर रही है। लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। परिवार ने भारतीय अधिकारियों से अपील की है कि वे साकेथ का पता लगाने में हरसंभव सहायता करें। साथ ही इस कठिन समय में परिवार को सहयोग प्रदान करें।

सैन फ्रांसिस्को में भारतीय कॉन्सुलेट जनरल ने X पर कहा, "कॉन्सुलेट को यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि लोकल पुलिस ने लापता भारतीय स्टूडेंट साकेत श्रीनिवासैया की बॉडी मिलने की पुष्टि कर दी है। इस बहुत मुश्किल समय में हम उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जताते हैं।"

भारतीय दूतावास ने आगे कहा, "कॉन्सुलेट परिवार को सभी जरूरी मदद देने के लिए तैयार है, जिसमें लोकल अधिकारियों के साथ कोऑर्डिनेशन और जल्द से जल्द पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने का इंतजाम शामिल है। हमारे कॉन्सुलेट ऑफिसर परिवार के सीधे संपर्क में हैं। सभी जरूरी फॉर्मैलिटीज और सर्विसेज में उनकी मदद करेंगे।"

साकेत के पिता श्रीनिवासैया ने बताया कि बेटे से उनकी आखिरी बातचीत 9 फरवरी को हुई थी। बाद में उसके साथ रहने वालों से पता चला कि वह लापता हो गया है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वे अमेरिका जाएंगे, तो श्रीनिवासैया ने कहा कि वे इस पर विचार कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: क्या आज कप्तान सूर्यकुमार और सलमान हाथ मिलाएंगे? भारत-पाकिस्तान के बीच कोलंबो में होगी हाई वोल्टेज भिड़ंत

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।