इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, मेहराबाद एयरपोर्ट पर बमबारी, बुशहर में पैसेंजर प्लेन तबाह

बता दें कि ईरान के दो प्रमुख हवाई अड्डों में से एक मेहराबाद एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया। इससे मौजूदा हमलों में प्रभावित विमानन ठिकानों की सूची और लंबी हो गई है। मेहर न्यूज एजेंसी ने कुछ तस्वीरें जारी कीं, जिनमें रनवे के पास भूरे धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है

अपडेटेड Mar 03, 2026 पर 11:15 PM
Story continues below Advertisement
इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में ताजा हवाई हमले किए हैं

मिडिल ईस्ट में तनाव और गहरा गया है। इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान में ताजा हवाई हमले किए हैं, जिनमें तेहरान के एक प्रमुख हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया है। ताजा रिपोर्टों के अनुसार, तेहरान के व्यस्त मेहराबाद हवाई अड्डे और दक्षिण में स्थित बुशहर हवाई अड्डे को निशाना बनाया गया है। बुशहर में हमले के दौरान जमीन पर खड़ा एक ईरानी यात्री विमान पूरी तरह नष्ट हो गया है। कई जगहों पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।

पैसेंजर प्लेन हुआ नष्ट

ईरानी मीडिया के अनुसार, दक्षिणी ईरान पर इजरायली हमलों के दौरान ईरान एयर का एक यात्री विमान जमीन पर ही नष्ट हो गया। बढ़ते संघर्ष के कारण नागरिक उड्डयन सेवाओं और परमाणु परियोजनाओं पर भी असर पड़ने लगा है।


रॉयटर्स के हवाले से ईरानी समाचार वेबसाइटों ने बताया कि यह विमान दक्षिणी बंदरगाह शहर बुशहर के एयरपोर्ट पर हुए हमले में क्षतिग्रस्त हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट पर खड़ा पैसेंजर प्लेन “जमीन पर ही तबाह” हो गया। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। यह भी साफ नहीं है कि हमले के समय विमान सेवा में था या खाली खड़ा था। ये घटनाएं ऐसे समय में सामने आई हैं, जब इज़राइल ईरान के अलग-अलग ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है। फारस की खाड़ी के किनारे स्थित बुशहर शहर में ईरान का एकमात्र चालू परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी है, जिससे इस हमले के व्यापक असर को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

मेहराबाद एयरपोर्ट भी हमले की चपेट में

बता दें कि ईरान के दो प्रमुख हवाई अड्डों में से एक मेहराबाद एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया गया। इससे मौजूदा हमलों में प्रभावित विमानन ठिकानों की सूची और लंबी हो गई है। मेहर न्यूज एजेंसी ने कुछ तस्वीरें जारी कीं, जिनमें रनवे के पास भूरे धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है। एजेंसी के अनुसार, राजधानी तेहरान के पश्चिमी हिस्से में स्थित मेहराबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र पर हमला किया गया। अधिकारियों ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहराया है।

दुबई और दोहा में सुनाई दिए धमाके

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान द्वारा जवाबी कार्रवाई जारी है। इस बीच खबर है कि दुबई और दोहा में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। बताया जा रहा है कि ईरान ने मध्य पूर्व के उन देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले जारी रखे हैं जहां अमेरिकी सेना की मौजूदगी है। पत्रकारों ने कतर की राजधानी दोहा और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनीं। वहीं, दो निवासियों ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि उन्होंने यूएई की राजधानी अबू धाबी में भी धमाकों की आवाजें सुनीं। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।