Iran Airspace Shutdown: अमेरिका की चेतावनी के बाद बंद हुआ ईरान का एयरस्पेस, इंडिगो और एयर इंडिया की उड़ानें प्रभावित

Iran Airspace Shutdown: ईरान के हवाई क्षेत्र में यह बंदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई कड़ी चेतावनी के ठीक बाद हुई है। ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शनकारियों को फांसी दिए जाने की स्थिति में 'सैन्य कार्रवाई' के संकेत दिए थे

अपडेटेड Jan 15, 2026 पर 9:52 AM
Story continues below Advertisement
IndiGo और Air India ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए रूट बदल दिए है, जिससे यात्रा के समय में बढ़ोतरी और उड़ानों में देरी की संभावना बढ़ गई है

Iran Airspace Shutdown: अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव और देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच ईरान ने अपनी राजधानी तेहरान के आसपास का हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस अचानक आए फैसले के कारण वैश्विक विमानन क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। भारतीय एयरलाइंस, विशेष रूप से IndiGo और Air India ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए रूट बदल दिए है, जिससे यात्रा के समय में बढ़ोतरी और उड़ानों में देरी की संभावना बढ़ गई है।

एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी

भारतीय एयरलाइंस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं जारी की है। Air India ने स्पष्ट किया है कि वे उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि, जिन रूट्स पर रास्ता बदलना संभव नहीं है, वहां उड़ानें रद्द भी की जा रही हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें।


वहीं इंडिगो ने बताया कि अचानक हुए इस बदलाव से उनकी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। एयरलाइन प्रभावित यात्रियों को फ्लेक्सिबल रीबुकिंग या फुल रिफंड का विकल्प दे रही है।

एयरस्पेस बंद होने की क्या है वजह?

हवाई क्षेत्र में यह बंदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को दी गई कड़ी चेतावनी के ठीक बाद हुई है। ट्रंप ने ईरान में प्रदर्शनकारियों को फांसी दिए जाने की स्थिति में 'सैन्य कार्रवाई' के संकेत दिए थे। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म FlightRadar24 के अनुसार, इंडिगो की उड़ान 6E1808 ईरान के हवाई क्षेत्र से गुजरने वाली आखिरी गैर-ईरानी यात्री विमानों में से एक थी। जर्मनी और अमेरिका ने पहले ही अपनी एयरलाइंस को ईरान के ऊपर से उड़ान न भरने की सलाह दी है।

यात्रियों के लिए जरूरी सुझाव

अगर आपकी आगामी अंतरराष्ट्रीय उड़ान मध्य पूर्व या यूरोप की ओर है, तो ये कदम उठाएं:

वेबसाइट पर नजर रखें: अपनी एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर 'Flight Status' चेक करते रहें।

संपर्क विवरण अपडेट करें: सुनिश्चित करें कि आपका मोबाइल नंबर और ईमेल एयरलाइन के पास अपडेटेड है ताकि आपको SMS के जरिए तुरंत जानकारी मिल सके।

रिफंड/रीबुकिंग: अगर आपकी फ्लाइट कैंसिल होती है, तो आप बिना अतिरिक्त शुल्क के अगली उपलब्ध फ्लाइट चुन सकते हैं या पूरा रिफंड मांग सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।