US-Israel-Iran War: सऊदी अरब ने एक रिहायशी क्षेत्र पर हुए मिसाइल हमले में एक भारतीय और एक बांग्लादेशी नागरिक के मारे जाने की सूचना दी है। सऊदी अरब ने यह भी बताया कि हमले में 12 बांग्लादेशी नागरिक घायल भी हुए हैं। 10 दिनों से जारी युद्ध के दौरान ईरान द्वारा खाड़ी और अन्य देशों को निशाना बनाकर किए गए सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमलों के बीच सऊदी अरब का यह बयान रविवार (8 मार्च) शाम को आया। अरब लीग के प्रमुख अहमद अबुल घेइत ने रविवार को एक राजनयिक बैठक में अरब देशों पर हमले की ईरान की अविवेकपूर्ण नीति की कड़ी आलोचना की।
सिविल डिफेंस के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "मारे गए दो लोग भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक थे। जबकि सभी घायल बांग्लादेशी निवासी हैं।" एक हफ्ते पहले अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से सऊदी में यह पहली मौतें हैं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने रविवार को पहले कहा था कि उन्होंने अल-खारज सहित जगहों पर रडार सिस्टम को निशाना बनाया।
खाड़ी और दूसरे देशों को निशाना बनाकर ईरान के सैकड़ों मिसाइल और ड्रोन हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में गुस्सा बढ़ गया है। अरब लीग के चीफ़ अहमद अबूएल घैत ने अरब देशों पर हमला करने की लापरवाह पॉलिसी के लिए ईरान पर जमकर निशाना साधा। सऊदी अरब के डिफ़ेंस मिनिस्ट्री ने रविवार को कहा कि उसने 33 ड्रोन इंटरसेप्ट किए।
भारत ने अपने नागरिकों को मदद का दिया आश्वासन
सऊदी अरब में भारत के राजदूत सुहेल एजाज खान ने रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ डिजिटल माध्यम से बातचीत की। इस दौरान ईरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों के बाद उन्हें सहायता का आश्वासन दिया। खान के साथ मिशन के उप प्रमुख अबू मथेन जॉर्ज और काउंसलर (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर भी थे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट के अनुसार, राजदूत ने समुदाय को आश्वासन दिया कि दूतावास जरूरतमंद भारतीय नागरिकों को हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। खान ने समुदाय के प्रतिनिधियों को दूतावास की हालिया पहल के बारे में भी जानकारी दी। इसमें तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे चालू रहने वाले कंट्रोल रूम की स्थापना शामिल है।
समुदाय के प्रतिनिधियों ने दूतावास की पहल और सहयोग की सराहना की। भारतीय मिशन ने सऊदी अरब में रविवार को अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी किया कि वे सतर्क रहें और सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें। उनसे यह भी कहा गया है कि वे स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सलाह का सावधानीपूर्वक अनुसरण करें।
यह परामर्श अमेरिका और ईरान के बीच टकराव के मद्देनजर जारी किया गया है। एडवाइजरी में कहा गया है कि कई विमानन कंपनियां रियाद, जेद्दा, दम्माम और भारतीय शहरों के बीच उड़ानें संचालित कर रही हैं। भारत और सऊदी अरब की विमानन कंपनियों ने जेद्दा और मदीना में अपनी सामान्य उड़ानें फिर शुरू कर दी हैं।