Iran-Israel Conflict News: ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने बुधवार (18 जून) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक संदेश में लिखा कि इजरायल के साथ युद्ध शुरू हो गई है। इजरायल के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई ने यह बड़ा बयान दिया है। उन्होंने X पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि "महान हैदर के नाम पर, लड़ाई शुरू हो गई है।" मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस ऐलान के बाद ईरान ने इजरायल पर 25 मिसाइलें दागी हैं। हैदर अक्सर अली के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला नाम है। उन्हें शिया मुसलमान पैगंबर मोहम्मद का पहला इमाम और उत्तराधिकारी मानते हैं।
अयातुल्ला अली खामेनेई ने कहा कि हम आतंकी यहूदी शासन को कड़ा जवाब देंगे। उन पर कोई दया नहीं दिखाएंगे। एक अलग एक्स पोस्ट में खामेनेई ने बुधवार को इजरायल को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि तेहरान इजरायल के हमलों के खिलाफ कठोरता से जवाबी कार्रवाई करेगा। दोनों राष्ट्रों के बीच हवाई हमले रात भर जारी रहे।
ईरान और इजरायल के बीच पिछले 6 दिनों से हिंसक संघर्ष जारी है। खामेनेई के इस नए पोस्ट को जंग का अधिकारिक ऐलान माना जा रहा है। यानी अब इसे संघर्ष की बजाय जंग या फिर युद्ध कहा जाएगा। पश्चिमी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जल्द ही अमेरिका भी ईरान-इजरायल युद्ध में शामिल हो सकता है।
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान को बिना शर्त आत्मसमर्पण करने के लिए कहने के एक दिन बाद बुधवार सुबह इजरायल ने ईरान की राजधानी पर हवाई हमले तेज कर दिए। इजरायल ने तेहरान के एक अन्य क्षेत्र पर हमले की चेतावनी जारी की थी, जिसके बाद ये हमले किए गए।
क्षेत्र में अनिश्चितता का माहौल है। इजरायल द्वारा ईरान के सैन्य एवं परमाणु ठिकानों को निशाना बनाकर किए जा रहे हवाई हमलों के छठे दिन तेहरान में रह रहे ज्यातार लोग अपने घरों को छोड़कर चले गए हैं। अमेरिका ने पश्चिम एशिया में युद्धक विमान भेजे और इस बीच, ट्रंप ने अयातुल्ला अली खामेनेई को चेतावनी दी कि वह जानते है कि ईरान के सर्वोच्च नेता कहां छिपे हैं।
ट्रंप ने एक पोस्ट में ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण करने की अपील की। ट्रंप ने कहा कि खामेनेई को मारने की उनकी कम से कम फिलहाल कोई योजना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने मंगलवार को कहा कि उसका मानना है कि ईरान के परमाणु स्थल पर इजरायल के हवाई हमलों का वहां के भूमिगत सेंट्रीफ्यूज हॉल पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ा है।
यूरेनियम के लिए उपयोग किए जाने वाले सेंट्रीफ्यूज को रखने के वास्ते बनाए गए भूमिगत स्थल को 'सेंट्रीफ्यूज हॉल' कहा जाता है। इजरायल का कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने के लिए उसका व्यापक हमला जरूरी है। ईरान ने इजरायल पर लगभग 400 मिसाइल और सैकड़ों ड्रोन दागकर जवाबी कार्रवाई की है। अब तक इजरायल में 24 लोगों की मौत हुई है।