Iran Shuts Down Strait Of Hormuz: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच जारी महायुद्ध अब वैश्विक आर्थिक संकट की ओर बढ़ गया है। ईरान ने आधिकारिक तौर पर दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को बंद करने का ऐलान कर दिया है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर किसी भी जहाज ने इस रास्ते से गुजरने की कोशिश की, तो उसे आग के हवाले कर दिया जाएगा।
'कोशिश की तो जला देंगे जहाज'
IRGC के कमांडर-इन-चीफ के वरिष्ठ सलाहकार इब्राहिम जबारी ने ईरानी सरकारी मीडिया के जरिए यह ऐलान किया। अब से होर्मुज जलडमरूमध्य से किसी भी व्यापारिक या सैन्य जहाज की आवाजाही पर पाबंदी है। ईरानी नौसेना और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को आदेश दिया गया है कि वे उल्लंघन करने वाले किसी भी जहाज पर सीधा हमला करें। यह कदम 28 फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों के जवाब में उठाया गया है, जिसमें ईरान का शीर्ष नेतृत्व मारा गया था।
होर्मुज जलडमरूमध्य क्यों है दुनिया के लिए महत्वपूर्ण?
यह संकरा समुद्री रास्ता वैश्विक अर्थव्यवस्था की धड़कन माना जाता है। दुनिया के कुल दैनिक तेल उपभोग का लगभग 20% हिस्सा इसी 33 किलोमीटर चौड़े रास्ते से गुजरता है। सऊदी अरब, इराक, यूएई और कुवैत जैसे देशों का तेल निर्यात इसी रास्ते पर निर्भर है। इस मार्ग के बंद होने से दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लग सकती है, जिससे महंगाई का बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
पूरे खाड़ी क्षेत्र में जारी है मिसाइल-ड्रोन युद्ध
ईरान ने केवल रास्ता बंद नहीं किया है, बल्कि उन देशों को भी निशाना बनाया है जहां अमेरिकी सैन्य बेस हैं। ईरान ने कतर, कुवैत, बहरीन, यूएई और ओमान की दिशा में दर्जनों मिसाइलें दागी हैं। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका लक्ष्य ईरान के शासन को उखाड़ फेंकना है और वे उन ईरानियों का समर्थन करेंगे जो इस शासन को हटाना चाहते हैं।
वैश्विक व्यापार पर संकट के बादल
पहले से ही लाल सागर में हूतियों के हमलों से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग परेशान थी, अब होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से समुद्री व्यापार पूरी तरह ठप होने की कगार पर है। तेल बाजार इस स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं, क्योंकि लंबे समय तक यह रास्ता बंद रहने पर वैश्विक मंदी छा सकती है।