Iran Protest: ईरान के 50 शहरों में भारी विरोध-प्रदर्शन! सड़कों पर दिखा लोगों का हुजूम, इंटरनेट ब्लैकआउट, टेलीफोन सेवाएं भी ठप, 45 की मौत

Iran Protest: ईरान में भारी विरोध-प्रदर्शन के बीच गुरुवार (8 जनवरी, 2026) रात को देशव्यापी इंटरनेट ब्लैकआउट की खबर आई। यह सब ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी द्वारा बड़े पैमाने पर प्रदर्शनों की अपील के बाद तेहरान में बढ़ते तनाव के बीच हुआ। यह ईरान में खराब अर्थव्यवस्था को लेकर 12 दिनों के जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच हुआ है

अपडेटेड Jan 09, 2026 पर 7:34 AM
Story continues below Advertisement
Iran Protest: ईरान में खामनेई शासन के खिलाफ भारी विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। लाखों लोग सड़कों पर ऊपर आए हैं

Iran Protest: ईरान के निर्वासित क्राउन प्रिंस रजा पहलवी की अपील पर तेहरान और देश के अन्य हिस्सों में प्रदर्शनकारियों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद गुरुवार (8 जनवरी) रात को इंटरनेट और टेलीफोन लाइन काट दी गई। खस्ताहाल अर्थव्यवस्था को लेकर ईरान में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं, जिससे देश बुरी तरह प्रभावित है।

इंटरनेट कंपनी 'क्लाउडफ्लेयर' और एक अन्य कंपनी 'नेटब्लॉक्स' ने इंटरनेट संपर्क टूटने की बात कही। दोनों ने इसके लिए ईरान सरकार के हस्तक्षेप का दावा किया। दुबई से ईरान में लैंडलाइन और मोबाइल फोन पर संपर्क का प्रयास किया गया। लेकिन फोन कॉल नहीं लगी।

इंटरनेट कंपनी नेटब्लॉक्स ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, "लाइव आंकड़ों से पता चलता है कि ईरान में राष्ट्रव्यापी इंटरनेट बंद है। यह घटना देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों को निशाना बनाकर अपनाई जा रही डिजिटल सेंसरशिप की बढ़ती कार्रवाई के बाद हुई है। इंटरनेट सेवा बंद किए जाने से लोगों का संवाद एक दूसरे से कट गया हैं।"

50 शहरों में पहुंचा प्रदर्शन

आर्थिक संकट के कारण ईरान में शुरू हुए विरोध प्रदर्शन अब पूरे देश में फैल गए हैं। BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को ईरान के कुर्द इलाकों में चार प्रांतों कुर्दिस्तान, पश्चिम अज़रबैजान, केरमानशाह और इलाम के 50 से अधिक छोटे-बड़े शहरों में बाजार और दुकानें बंद रखी गईं। इसे ईरान में चल रहे देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के साथ एकजुटता के तौर पर पेश किया गया। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने अपने नागरिकों से ईरान की यात्रा से बचने की सलाह जारी की है।


भारत ने जारी एडवाइजरी

भारत ने भी अपने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे विरोध प्रदर्शनों से प्रभावित ईरान की गैर जरूरी यात्राओं से बचें। नई दिल्ली ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी उचित सावधानी बरतने और विरोध प्रदर्शन या धरने वाले क्षेत्रों की यात्रा से बचने की सलाह दी है।

विदेश मंत्रालय (MEA) ने हाल ही में कहा, "हाल के घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक ईरान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।" विदेश मंत्रालय ने कहा, "ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों और पीआईओ (भारतीय मूल के व्यक्तियों) को उचित सावधानी बरतनी चाहिए, विरोध प्रदर्शनों या रैलियों वाले क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए और समाचारों के साथ-साथ तेहरान स्थित भारतीय दूतावास की वेबसाइट तथा सोशल मीडिया पर भी बारीकी से नजर रखनी चाहिए।"

MEA ने ईरान में निवास वीजा पर रह रहे भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि अगर उन्होंने दूतावास में पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया है तो वे अब इस काम को पूरा कर लें। बिगड़ती आर्थिक स्थिति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन सबसे पहले तेहरान में शुरू हुए थे।

अब तक 45 की मौत

अधिकार समूहों ने ईरानी सुरक्षा बलों पर प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का आरोप लगाया। अधिकारियों की कार्रवाई से मरने वाले प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई थी। मानवाधिकार एजेंसियों के अनुसार, अब तक कम से कम 45 लोग मारे गए हैं। जबकि 2,260 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले ईरानी करेंसी रियाल की कीमत में आई भारी गिरावट के कारण विरोध प्रदर्शन शुरू हुए।

ये भी पढ़ें- Delhi Violence: तुर्कमान गेट हिंसा मामले में 11 गिरफ्तार! 10 इन्फ्लुएंसर और WhatsApp ग्रुप जांच के दायरे में, सपा नेता को नोटिस भेजने की तैयारी

पिछले सप्ताह, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने के खिलाफ चेतावनी दी थी। ट्रंप ने रविवार रात कहा कि अगर और प्रदर्शनकारियों की मौत हुई तो ईरान को बहुत भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।