अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद उनकी पत्नी की भी मौत, US-इजरायल हमले में आधा परिवार खत्म!

Ayatollah Ali Khamenei: अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह का सोमवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुए अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से कोमा में थीं

अपडेटेड Mar 02, 2026 पर 8:43 PM
Story continues below Advertisement
अयातुल्ला अली खामेनेई के बाद पत्नी मंसूरा खोस्तेह की मौत

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल की एयरस्ट्राइक में मौत हो गई थी। वहीं अब ईरान से एक और बड़ी खबर सामने आई है। अयातुल्ला अली खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह का सोमवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुए अमेरिका-इजरायल हमलों के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से कोमा में थीं। इससे पहले हमलों में उनके पति अयातुल्ला अली खामेनेई की भी मौत की खबर सामने आई थी।

परिवार के कई लोगों की मौत

ईरान की सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के अनुसार, हमले के बाद मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह को “शहीद” बताया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई इस हमले में मारे गए। हमले में उनके परिवार के कई सदस्य, बेटी, पोता, बहू और दामाद की भी मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी और जानकारी सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।


मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह सार्वजनिक जीवन से दूर रहने वाली शख्सियत मानी जाती थीं और उनके अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ छह बच्चे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार उनके पिता मोहम्मद इस्माइल खोजस्तेह बाघेरज़ादेह मशहद शहर के प्रसिद्ध कारोबारी थे, जबकि उनके भाई हसन ईरान के सरकारी प्रसारण संस्थान आईआरआईबी में उप निदेशक रह चुके हैं। खामेनेई की मौत के बाद ईरान सरकार ने देश में 40 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिक्रिया देखने को मिली और भारत सहित कई देशों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन और रैलियां निकालीं।

दोनों ओर से हमले हैं जारी 

शनिवार से इजरायल और अमेरिका की ओर से ईरान के कई इलाकों में लगातार हमले किए जाने की खबरें सामने आ रही हैं। अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद तनाव तेजी से बढ़ गया और इसका असर पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। दुबई, बहरीन और इराक समेत कई जगहों पर धमाकों और हमलों की खबरें आई हैं। वहीं तेहरान का कहना है कि ईरान भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।