VIDEO: दुबई के 7 स्टार होटल बुर्ज अल अरब और एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, बुर्ज खलीफा के पास भी दिखा खतरा

Israel-US Iran War: दुबई पर हो रहा यह हमला ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष का हिस्सा माना जा रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। पूरे खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बाधित है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दावा ये भी किया जा रहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 7:29 AM
Story continues below Advertisement
ईरान के 'शाहेद' कामिकेज ड्रोन्स ने दुबई के प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया

Israel-US Iran War: पश्चिम एशिया में जारी भारी संघर्ष के बीच बीती रात संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की फाइनेंशियल कैपिटल दुबई दहल उठी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और आधिकारिक बयानों के अनुसार, ईरान द्वारा दागे गए 'शाहेद' कामिकेज ड्रोन्स ने दुबई के प्रतिष्ठित बुर्ज अल अरब होटल और दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया। हमले के बाद पूरे यूएई में इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया और लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई।

बुर्ज अल अरब की बाहरी दीवार पर लगी आग

दुबई के कृत्रिम द्वीप पर स्थित 60 मंजिला लग्जरी होटल 'बुर्ज अल अरब' इस हमले की चपेट में आ गया। दुबई मीडिया ऑफिस ने 'X' पर पुष्टि की कि वायु रक्षा प्रणाली ने एक ड्रोन को बीच में ही रोक दिया था, लेकिन उसके मलबे के गिरने से होटल के बाहरी हिस्से में मामूली आग लग गई। सिविल डिफेंस की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।


दुबई एयरपोर्ट पर ड्रोन से हुआ हमला

दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) भी इस हमले की जद में आया। दुबई मीडिया ऑफिस के अनुसार, एयरपोर्ट के एक कॉन्कोर्स को मामूली नुकसान पहुंचा है। इस घटना में चार कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। अधिकांश टर्मिनलों को पहले ही यात्रियों से खाली करा लिया गया था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन दिखने का दावा

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास एक चमकता हुआ ऑब्जेक्ट और उसके बाद धमाका देखा जा सकता है। हालांकि, यूएई प्रशासन ने बुर्ज खलीफा पर सीधे किसी हमले की पुष्टि अभी तक नहीं की है, लेकिन आसमान में सक्रिय एयर डिफेंस सिस्टम के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा।

यह हमला ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष का हिस्सा माना जा रहा है। अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। पूरे खाड़ी क्षेत्र में हवाई क्षेत्र बाधित है और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। दावा ये भी किया जा रहा है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।