Iran Fattah Missile: मिडिल-ईस्ट के युद्ध क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसने पूरी दुनिया के सैन्य विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। इस वीडियो में एक ईरानी मिसाइल एक साथ 10 से ज्यादा इंटरसेप्टर रॉकेटों को चकमा देते हुए सीधे अपने लक्ष्य पर सटीक निशाना लगाती दिख रही है। दावा किया जा रहा है कि यह ईरान की सबसे आधुनिक 'फत्ताह' (Fattah) हाइपरसोनिक मिसाइल है, जिसे रोकना फिलहाल नामुमकिन माना जा रहा है।
10 रॉकेटों को अकेले दी मात
सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो यरूशलेम का बताया जा रहा है। एक ऊंची इमारत की छत से रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में आसमान में रोशनी की एक लकीर दिखती है, जिसे रोकने के लिए इजरायल के डिफेंस सिस्टम से 10 से ज्यादा रॉकेट निकलते हैं। वह मिसाइल हवा में ही अपनी दिशा बदलते हुए सभी इंटरसेप्टर को पीछे छोड़ देती है और अंत में एक जोरदार धमाके के साथ जमीन पर गिरती है। बैकग्राउंड में लोगों को हैरान होकर चिल्लाते हुए सुना जा सकता है।
क्या है 'फत्ताह' और 'फत्ताह-2' की ताकत?
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस हमले में ईरान ने अपनी हाइपरसोनिक ग्लाइड व्हीकल (HGV) तकनीक का इस्तेमाल किया है। यह हाइपरसोनिक मिसाइल आवाज की गति से 5 गुना ज्यादा तेज चल सकती है। साधारण बैलिस्टिक मिसाइलें एक तय रास्ते (U-आकार) पर चलती हैं, जिन्हें रडार आसानी से पकड़ लेते हैं। लेकिन फत्ताह-2 हवा में अपनी ऊंचाई और दिशा बदल सकती है, जिससे इसे ट्रैक करना या मार गिराना लगभग असंभव हो जाता है। इसके साथ ही यह मिसाइल किसी भी दिशा से अचानक हमला करने में सक्षम है।
ईरान का दावा- 'इजरायल के बचाव का अंत'
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि 'फत्ताह' मिसाइलों का सफल प्रहार इजरायल के एयर डिफेंस सिस्टम के अंत की शुरुआत है। ईरान का कहना है कि इन हमलों ने इजरायली नागरिकों के बंकरों को हिलाकर रख दिया है और यह इजरायल व उसके सहयोगियों के लिए ईरान की शक्ति का स्पष्ट संदेश है।