'क्या ये आधिकारिक है?' ख्वाजा आसिफ इस्लामाबाद विस्फोट के लिए भारत पर लगा रहे थे, लेकिन उनके ही पत्रकार खोल दी पोल

Terror Attack in Pakistan: पाकिस्तानी राजधानी इस्लामाबाद में एक अदालत के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों के मारे जाने के कुछ ही घंटों बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इस वारदात में भारत के शामिल होने का आरोप लगाया है। हालांकि, उनके दावों को पाकिस्तानी मीडिया ने ही धज्जियां उड़ा दी

अपडेटेड Nov 12, 2025 पर 8:58 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ भारत पर आरोप लगा रहे थे। लेकिन दांव उन्हीं पर उल्टा पड़ गया

Islamabad Court Blast: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस समय होश उड़ गए जब एक पत्रकार ने बताया कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने इस्लामाबाद में हुए बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली है। दरअसल, इस दौरान वह अफगानिस्तान और भारत पर हालिया आतंकवादी हमलों में मदद करने का आरोप लगा रहे थे। उन्होंने काबुल विरोधी बयानबाजी करते हुए नई दिल्ली पर भी हमले में शामिल होने का आरोप लगा दिया। हालांकि, आसिफ को उस समय इस बात की जानकारी नहीं थी कि टीटीपी ने हमले की जिम्मेदारी ले ली है।

जब एक पत्रकार ने बताया कि टीटीपी ने इस्लामाबाद विस्फोट की जिम्मेदारी ली है, तो वह हैरान दिखे। उन्होंने जवाब दिया, "क्या उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है? क्या उन्होंने आधिकारिक तौर पर ऐसा किया है। तो फिर इसमें कोई शक की गुंजाइश नहीं है। टीटीपी काबुल में बैठे हुक्मरानों का ही एक विस्तार है...।"

इस प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान में उनकी ऑनलाइन ट्रोलिंग शुरू हो गई। लोगों ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री पर ताजा घटनाक्रम की जानकारी नहीं होने का आरोप लगाया। एक यूजर ने लिखा, "यह पाकिस्तान के रक्षा मंत्री हैं। इन्हें एक पत्रकार से इस बड़े आतंकी हमले के बारे में पता चला?।"


पाकिस्तान ने इस्लामाबाद कोर्ट परिसर के बाहर हुए धमाके को आत्मघाती हमला बताया है। हमले में 12 लोग मारे गए। जबकि 27 घायल हो गए हैं। रक्षा मंत्री की तरह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस्लामाबाद में हुए आतंकी हमले को भारत से जोड़ने की नाकाम कोशिश की। लेकिन उनके आरोपों को भारत ने पूरी तरह निराधार बताकर अस्वीकार कर दिया है।

भारत ने इसे पाकिस्तान के भ्रमित नेतृत्व की ओर से झूठी कहानियां गढ़ने की एक तयशुदा रणनीति करार दिया। पाकिस्तानी राजधानी में एक अदालत के बाहर हुए आत्मघाती हमले में 12 लोगों के मारे जाने के कुछ ही घंटों बाद शहबाज शरीफ ने इस वारदात में भारतीय समर्थन से सक्रिय समूहों के शामिल होने का आरोप लगाया था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत ऐसे निराधार आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करता है। उन्होंने कहा, "यह पाकिस्तान की एक पुरानी और आजमाई हुई चाल है कि वह अपने देश में जारी सैन्य-प्रेरित संवैधानिक उलटफेर और सत्ता पर कब्जे से अपने नागरिकों का ध्यान भटकाने के लिए भारत के खिलाफ झूठी कहानियां गढ़े।"

ये भी पढ़ें- 130वें संविधान संशोधन विधेयक के लिए JPC गठित, PM-CM और मंत्रियों को हटाने वाले बिल पर होगी चर्चा

प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय वास्तविकता से भली-भांति परिचित है। पाकिस्तान के ऐसे हताश करने वाले भटकाने वाले हथकंडों से गुमराह नहीं होगा। इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले के संबंध में पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने बताया कि हमलावर अदालत परिसर में घुसना चाहता था। लेकिन असफल होने पर उसने इमारत के द्वार के पास पुलिस वाहन के निकट विस्फोट कर दिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।